बलरामपुर : सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत घर-घर शुरू हुआ सर्वे, वंचित परिवारों को मिलेगा योजनाओं का लाभ
बलरामपुर, 14 जुलाई (हि.स.)।शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र परिवार तक पहुंचाने के लिए आज मंगलवार कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जिले में सुघ्घर छत्तीसगढ़ अभियान के तहत विशेष सर्वेक्षण शुरू किया गया। अभियान के माध्यम से योजनाओं से वंचित परिवारों की पहचान कर उन्हें विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
जनपद पंचायत रामचंद्रपुर की सभी 94 ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर सर्वे किया जा रहा है। इस दौरान केंद्र और राज्य शासन की 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि कोई भी पात्र व्यक्ति योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे।
अभियान के तहत गैप एनालिसिस भी किया जा रहा है। इसके माध्यम से ऐसे पात्र परिवारों की पहचान की जाएगी, जिन्हें अब तक योजनाओं का लाभ नहीं मिला है। साथ ही लाभ नहीं मिलने के कारणों का विश्लेषण कर उन्हें जल्द योजनाओं से जोड़ने की कार्रवाई की जाएगी।
सर्वे को प्रभावी और पारदर्शी बनाने के लिए ग्राम पंचायत स्तर पर सचिव, शिक्षक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और मितानिनों की संयुक्त टीम गठित की गई है। ये टीमें घर-घर पहुंचकर जानकारी एकत्र कर रही हैं। वहीं क्लस्टर और विकासखंड स्तर पर नोडल अधिकारी सर्वे कार्य की लगातार निगरानी कर रहे हैं।
सर्वे के दौरान रोजगार, राशन, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा समेत अन्य हितग्राहीमूलक योजनाओं से संबंधित जानकारी जुटाई जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिल सके।
अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनपद पंचायत के सीईओ रणवीर साय ने विभिन्न ग्राम पंचायतों का दौरा कर सर्वे कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मैदानी अमले को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से सर्वे पूरा करने और प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

