home page

नाली निर्माण अधूरा छोड़ने से वार्ड में जलभराव

 | 
नाली निर्माण अधूरा छोड़ने से वार्ड में जलभराव


धमतरी, 15 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी जिले के नगरी ब्लाक के वार्ड क्रमांक सात, गांधी चौक में नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय रहवासियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जनपद के ठेकेदार द्वारा पुरानी नाली को तोड़कर नई नाली निर्माण के लिए करीब 10-15 दिन पहले गड्ढा खोदा गया, लेकिन इसके बाद काम बंद कर दिया गया। परिणामस्वरूप पानी निकासी पूरी तरह बाधित हो गई है और गंदा पानी पूरे गली-मोहल्ले में भर गया है।

वार्ड निवासी निरंजन यदुराज, लक्ष्मी नारायण, खिलानंद साहू, रंजू ध्रुव, ललित ध्रुव, भोला ध्रुव और जयंत यदुराज ने बताया कि जलभराव के कारण घरों से निकलना मुश्किल हो गया है। सड़कों पर जमा गंदा पानी अब बदबू फैलाने लगा है और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है। स्थिति तब और गंभीर हो गई जब निरंजन यदुराज के कच्चे मकान की दीवारें गंदे पानी के कारण लगातार भीगने लगी। पानी घर के अंदर तक पहुंच रहा है, जिससे कभी भी दीवार गिरने जैसी दुर्घटना होने की आशंका बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप कर रुके हुए पानी की निकासी सुनिश्चित करने और अधूरे निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है। इस संबंध में जनपद सीईओ बोरझा ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराया जाएगा। साथ ही उन्होंने बताया कि नालियों में मवेशियों के मल-मूत्र बहाए जाने से पानी निकासी बार-बार बाधित हो रही थी, जिसके चलते पुरानी नाली को तोड़कर बड़ी नाली का निर्माण आवश्यक हो गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा