home page

तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों की फसल बर्बाद, सरकार मुआवजे का आकलन तक नहीं करवा रही : दीपक बैज

 | 
तीन चक्रवाती तूफानों से किसानों की फसल बर्बाद, सरकार मुआवजे का आकलन तक नहीं करवा रही : दीपक बैज


रायपुर, 21 नवम्बर (हि. स.) । छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने आरोप लगाया है कि पिछले 24 दिनों में आए तीन चक्रवाती तूफानों से प्रदेश के किसानों की फसलों को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन राज्य सरकार अब तक नुकसान का सर्वे और मुआवजे का आकलन तक नहीं करवा रही है। उन्होंने प्रभावित किसानों को तत्काल राहत और क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।

शनिवार को राजीव भवन में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए बैज ने कहा कि, चक्रवाती तूफान अर्नव, मुरासू और अकवान ऐसे समय आए, जब किसानों की धान की फसल पककर तैयार थी। बेमौसम बारिश से खेतों में कटी पड़ी धान की फसल भीगकर खराब हो गई है। वहीं, खरीदी केंद्रों में पहुंच चुका धान भी बारिश से प्रभावित हुआ है। कई किसानों का धान खेतों में ही पड़ा है।

उन्होंने बताया कि बस्तर क्षेत्र में 1083 गांवों के 74 हजार से अधिक लोग और 6154 हेक्टेयर से ज्यादा फसल प्रभावित हुई है। प्रदेशभर में लाखों हेक्टेयर धान की फसल खराब होने का दावा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के नुकसान को लेकर गंभीर नहीं है।

बैज ने आरोप लगाया कि पिछले दो तूफानों से हुए नुकसान का सर्वे नहीं कराया गया। वहीं, अकवान तूफान के कारण कई किसान धान बेचने के लिए खरीदी केंद्र नहीं पहुंच पाए और उनके टोकन लैप्स हो गए। उन्होंने कहा कि तीनों तूफानों के दौरान पटवारी हड़ताल पर हैं, जिससे फसल नुकसान का आकलन नहीं हो पा रहा है। सरकार हड़ताल समाप्त कराने के लिए भी ठोस पहल नहीं कर रही है।

कांग्रेस ने की आठ मांगें

दीपक बैज ने कहा कि कांग्रेस पार्टी मांग करती है कि सरकार तीनों तूफानों से हुए नुकसान का तत्काल सर्वे कराकर किसानों को मुआवजा दे। बीमा कंपनियों को भी नुकसान का आकलन कर शीघ्र क्षतिपूर्ति देने के निर्देश जारी किए जाएं। राजस्व पुस्तक परिपत्र 6/4 के तहत किसानों को आपदा राहत का लाभ दिया जाए तथा सभी ब्लॉकों में कृषि अधिकारियों को नोडल अधिकारी बनाकर बीमा कंपनियों की निगरानी कराई जाए।

उन्होंने धान के नुकसान की गणना 21 क्विंटल प्रति एकड़ उत्पादन और 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से करते हुए 65,100 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा घोषित करने की मांग की। साथ ही लैप्स हुए टोकन दोबारा जारी करने, धान खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ाने और पटवारी हड़ताल समाप्त कराने की मांग की।

पत्रकार वार्ता में धनेन्द्र साहू, मलकीत सिंह गैदू, सुशील आनंद शुक्ला, सकलेन कामदार, सुरेन्द्र वर्मा, वंदना राजपूत, श्रीकुमार शंकर मेनन, राजेन्द्र पप्पू बंजारे, जितेंद्र मुदलियार, अशोक राज आहुजा और सत्य प्रकाश सिंह सहित अन्य कांग्रेस नेता उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर