home page

जशपुर : वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण, विभाग ने निर्माण कार्य रुकवाकर जमीन कराई खाली

 | 
जशपुर : वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण, विभाग ने निर्माण कार्य रुकवाकर जमीन कराई खाली


जशपुर : वन भूमि पर अवैध अतिक्रमण, विभाग ने निर्माण कार्य रुकवाकर जमीन कराई खाली


जशपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। वनपरिक्षेत्र सन्ना अंतर्गत वन कक्ष क्रमांक पी-111 में अवैध अतिक्रमण की सूचना पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए निर्माण कार्य रुकवाकर जमीन को अपने कब्जे में ले लिया। विभाग को जानकारी मिली थी कि ग्राम सुलेसा के कुछ लोग वन भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर रहे हैं, जिसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दयानंद यादव, रमेश यादव, कुमार यादव एवं मिथलेश यादव द्वारा उक्त भूमि पर अतिक्रमण किया जा रहा था। वन विभाग द्वारा पहले ही संबंधितों को लिखित और मौखिक रूप से अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन निर्देशों की अनदेखी की गई। इसके बाद 12 अप्रैल को विभागीय टीम ने स्थल का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुमार यादव द्वारा वन भूमि पर अवैध रूप से मकान निर्माण किया जा रहा था। वन विभाग ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए निर्माण कार्य बंद कराया और भूमि को खाली कराकर अपने कब्जे में ले लिया। वहीं, दयानंद यादव, रमेश यादव और मिथलेश यादव द्वारा अतिक्रमण की मंशा से डाली गई मिट्टी को हटाकर ग्राम पंचायत सुलेसा के सरपंच को सुपुर्द किया गया। सरपंच को निर्देश दिए गए हैं कि मिट्टी की वर्तमान स्थिति में कोई बदलाव न किया जाए।

वन विभाग ने सभी संबंधितों को सख्त चेतावनी दी है कि भविष्य में वन भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण न किया जाए। यदि दोबारा ऐसी गतिविधि सामने आती है, तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ वन अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक कानूनों के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह