home page

छात्रावासों में पहुंचीं कलेक्टर, बालिकाओं से की बातचीत, पढ़ाई और सुविधाओं का लिया जायजा

 | 
छात्रावासों में पहुंचीं कलेक्टर, बालिकाओं से की बातचीत, पढ़ाई और सुविधाओं का लिया जायजा


बलरामपुर, 22 अगस्त (हि.स.)। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने विकासखंड रामचंद्रपुर के कन्या छात्रावास सनावल और बालक छात्रावास कामेश्वरनगर का आज शनिवार को औचक निरीक्षण किया। उन्होंने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद कर पढ़ाई, भोजन, आवासीय सुविधाओं, स्वच्छता और अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सबसे पहले कन्या छात्रावास सनावल का निरीक्षण किया। उन्होंने बालिकाओं के साथ बैठकर उनकी पढ़ाई और शैक्षणिक प्रगति के बारे में चर्चा की। उन्होंने नियमित अध्ययन, अनुशासन और मेहनत के साथ बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही खेलकूद, सांस्कृतिक और अन्य रचनात्मक गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की बात कही।

इस दौरान एक बालिका ने अपने हाथों से तैयार किया हुआ गुलदस्ता भेंट कर कलेक्टर का अभिनंदन किया। कलेक्टर ने बालिका की रचनात्मकता और प्रतिभा की सराहना करते हुए उसे आगे भी ऐसी गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

कलेक्टर ने बालिकाओं से छात्रावास में रहने, पढ़ाई और अन्य व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याओं की जानकारी ली। बालिकाओं ने व्यवस्थाओं को लेकर संतुष्टि व्यक्त की। उन्होंने अधीक्षिका को बालिकाओं की सुरक्षा, व्यक्तिगत स्वच्छता, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण, पर्याप्त प्रकाश, शौचालय और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कक्षों, बाथरूम, भोजन व्यवस्था और रसोईघर का भी जायजा लिया। उन्होंने छात्रावास अधीक्षिका को बालिकाओं के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और उनकी समस्याओं का समय पर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बालक छात्रावास में भी व्यवस्थाओं का लिया जायजा

इसके बाद कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने बालक आश्रम कामेश्वरनगर का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से संवाद कर पढ़ाई, दिनचर्या, भोजन, पेयजल, स्वच्छता और छात्रावास में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बच्चों को उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने और पढ़ाई पर विशेष ध्यान देने के लिए प्रेरित किया।

कलेक्टर ने छात्रावास परिसर की साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए अधीक्षक को कमरों एवं परिसर में नियमित स्वच्छता बनाए रखने तथा बच्चों की आवश्यकताओं का समय पर ध्यान रखने के निर्देश दिए।

इस दौरान अपर कलेक्टर चेतन बोरघरिया, अनुविभागीय अधिकारी आनंद राम नेताम, सहायक आयुक्त समीक्षा जायसवाल, तहसीलदार मनोज पैंकरा सहित संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय