home page

छग विधानसभा : राशन दुकानों में मसालों की बिक्री का आरोप, मंत्री ने कहा दस्तावेज दीजिए जांच कराएंगे

 | 
छग विधानसभा : राशन दुकानों में मसालों की बिक्री का आरोप, मंत्री ने कहा दस्तावेज दीजिए जांच कराएंगे


रायपुर, 17 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ विधानसभा के मानसून सत्र के अंतिम दिन प्रश्नकाल के दौरान विधायक सुशांत शुक्ला ने राशन दुकानों के जरिए मसाला बेचने का आरोप लगाया। मंत्री दयाल दास बघेल के जानकारी नहीं होने बात कहने पर विधायक ने दस्तावेज हाथ में होने की बात कही। इस पर मंत्री बघेल ने दस्तावेज दिए जाने पर जांच कराने का आश्वासन दिलाया।

भाजपा विधायक सुशांत शुक्ला ने अपने सवाल की शुरुआत राशन दुकानों के बचत स्टॉक के सत्यापन से की। उन्होंने आरोप लगाया कि जानकारी छिपाई जा रही है। अप्रैल 2025 तक की जानकारी दिए जाने की बात कहते हुए विधायक ने सवाल किया कि आखिर क्यों पूरी जानकारी छिपाई जा रही है? इस पर मंत्री दयालदास बघेल ने कहा कि हमने जांच कराई है। अधिकारी लगातार एक-एक दुकानों की जांच करते हैं। शिकायत सामने आने पर कार्यवाही भी की गई है।

इस पर विधायक सुशांत शुक्ला ने पूछा कि कौन-कौन से राशन आमजनों को उचित मूल्य के तहत दिया जाता है? उसका मेंटेनेंस कौन कर रहा है? मंत्री ने बताया कि अधिकारी हर 15 दिन में निरीक्षण करते रहते है। इस निरीक्षण भौतिक सत्यापन में जो शिकायत मिली है, उस पर कार्यवाही भी की गई है। राशन दुकान में चावल, शक्कर देते हैं। बस्तर में चना भी दिया जाता है।

विधायक अपना सवाल जारी रखते हुए पूछा कि क्या राशन दुकानों में मसालों की भी बिक्री की कोई व्यवस्था की गई है? मंत्री के इंकार पर उन्होंने आरोप लगाया कि जानकारी इसलिए नहीं दी जा रही है, क्योंकि महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं पर दबाव बनाकर मसाला की बिक्री करवाई जा रही है। इसमें जांच की घोषणा कर दें। दस्तावेज मैं उपलब्ध करा दूंगा, मेरे हाथ में दस्तावेज है। इस पर मंत्री ने कहा कि जो भी दस्तावेज है आप दे दें, जांच करवा देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल