घंटाघर से महाराणा प्रताप चौक मार्ग पर हुआ वृक्षारोपण, हरित कोरबा के संकल्प को मिली नई गति
कोरबा, 18 अगस्त (हि. स.)। पर्यावरण संरक्षण और शहर को हराभरा बनाने के उद्देश्य से संचालित “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत मंगलवार को कोरबा के घंटाघर से महाराणा प्रताप चौक मार्ग पर सघन पौधरोपण किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिक निगम के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ नागरिकों ने भी सहभागिता निभाई और विभिन्न स्थानों पर पौधों का रोपण किया। कार्यक्रम में उद्यान अधीक्षक आनंद राठौर, संतोष यादव, मनमोहन, फिरतु, गोपी, अमर सिंह सहित अन्य नागरिकों ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।
अभियान के माध्यम से शहर में हरित क्षेत्र बढ़ाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और नागरिकों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया जा रहा है। “एक पेड़ मां के नाम” अभियान के तहत लगाए जा रहे पौधों के संरक्षण पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है, ताकि आने वाले वर्षों में कोरबा को अधिक हरा-भरा और पर्यावरण के अनुकूल शहर बनाया जा सके।
जिला प्रशासन और नगर निगम की ओर से नागरिकों से भी अपील की गई है कि, वे “एक पेड़ मां के नाम” अभियान से जुड़कर पौधारोपण करें और लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल कर पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाएं।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

