home page

सुकमा में संविदा पदों पर चयनित युवाओं को मिली नियुक्ति

 | 
सुकमा में संविदा पदों पर चयनित युवाओं को मिली नियुक्ति


सुकमा, 03 अगस्त (हि.स.)। जिले में ग्रामीण विकास और महिला सशक्तिकरण को मजबूत करने की दिशा में प्रशासन ने महत्वपूर्ण पहल की है। छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) और आरजीएसए योजना के तहत जिला पंचायत सुकमा में विभिन्न संविदा पदों पर चयनित युवाओं को कलेक्टर अमित कुमार और जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मुकुंद ठाकुर ने साेमवार काे नियुक्ति पत्र प्रदान किए।

जिला पंचायत सुकमा द्वारा पूरी भर्ती प्रक्रिया को पारदर्शिता और निर्धारित मापदंडों के अनुरूप पूरा किया गया। नई नियुक्तियों के माध्यम से जिले में ग्रामीण योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन और निगरानी को मजबूती मिलेगी। चयन प्रक्रिया के तहत जनपद पंचायत कोंटा में एक विकासखण्ड परियोजना प्रबंधक, एक एरिया कोऑर्डिनेटर और एक लेखा सह एमआईएस सहायक की नियुक्ति की गई है। वहीं जनपद पंचायत सुकमा के लिए एक लेखा सह एमआईएस सहायक नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा जिला पंचायत सुकमा की आरजीएसए योजना के तहत डीपीआरसी शाखा में दो संकाय सदस्यों को भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। इन नियुक्तियों से जिले के दूरस्थ क्षेत्रों में संचालित सरकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने में मदद मिलेगी।

इस अवसर पर कलेक्टर अमित कुमार और सीईओ मुकुंद ठाकुर ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीण आजीविका मिशन के उद्देश्यों को सफल बनाने में उनकी भूमिका महत्वपूर्ण होगी। उन्होंने सभी से पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया, ताकि सुकमा के ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों को नई गति मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे