home page

भिलाई में चाकूबाजी के दाैरान घायल युवक की उपचार के दौरान मौत

 | 
भिलाई में चाकूबाजी के दाैरान घायल युवक की उपचार के दौरान मौत


दुर्ग / रायपुर 30 अगस्त (हि.स.)। जिले के भिलाई स्थित सुपेला थाना क्षेत्र के नेहरू नगर चौक में शनिवार रात हुई चाकूबाजी की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की रविवार सुबह उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों की तलाश तेज कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान कैंप-01 निवासी शिव कुमार सिंह के रूप में हुई है। शिव कुमार अपने मित्र शिशांत के साथ माेटरसाइकिल से नेहरू नगर चौक पहुंचा था। उसे चिचोला जाना था, जहां वह दुकान संचालित करता था। देर रात वह चौक पर गुजर रहे ट्रकों को रोककर लिफ्ट लेने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान वहां से गुजर रही एक स्कूटी को रोकने की कोशिश की, जिस पर दो युवक और एक युवती सवार थे। स्कूटी रोकने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार विवाद के दौरान स्कूटी सवार एक युवक ने धारदार चाकू निकालकर शिव कुमार की बाईं जांघ के ऊपरी हिस्से पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगते ही शिव कुमार सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित अंडरब्रिज की ओर से टाउनशिप की दिशा में फरार हो गए।

सूचना मिलते ही सुपेला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल हाईटेक अस्पताल पहुंचाया। हालत अत्यंत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे शंकराचार्य मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां आज रविवार सुबह उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) शोभराज अग्रवाल ने आज बताया कि मामले में हत्या का अपराध दर्ज कर लिया गया है। आरोपिताें की पहचान और गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों से भी पूछताछ की जा रही है। घायल के साथ मौजूद युवक आरोपितों के वाहन का नंबर नहीं देख सका। पुलिस का कहना है कि आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार करने के लिए विभिन्न टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल