home page

कोरबा : मोबाइल और पैसों के विवाद में युवक को रातभर बंधक बनाकर पीटा, महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया

 | 
कोरबा : मोबाइल और पैसों के विवाद में युवक को रातभर बंधक बनाकर पीटा, महिला ने छेड़छाड़ का मामला दर्ज कराया


कोरबा, 04 जुलाई (हि. स.)। जिले के कोहड़िया क्षेत्र में मोबाइल और पैसों के पुराने लेनदेन का विवाद हिंसक रूप ले लिया। मोबाइल दुकान संचालक विकास दुबे के साथ कथित तौर पर एक नाबालिग और उसके परिजनों ने बंधक बनाकर पूरी रात बेरहमी से मारपीट की। हमले में उसके सिर, पैर और शरीर के कई हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि एक हाथ की हड्डी भी टूट गई। घायल का अस्पताल में उपचार जारी है।

वहीं, घटना के दौरान एक महिला ने विकास दुबे के खिलाफ घर में घुसकर छेड़छाड़ करने की शिकायत भी दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों पर अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, विकास दुबे और एक नाबालिग के बीच मोबाइल और पैसों के लेनदेन को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। बताया जा रहा है कि पिछले महीने भी इसी विवाद को लेकर नाबालिग ने विकास पर चाकू से हमला किया था, जिसकी रिपोर्ट सीएसईबी चौकी में दर्ज है।

जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार देर रात विकास दुबे किसी काम से पीपरपारा गया था। आरोप है कि वहां नाबालिग और उसके परिजनों ने उसे पकड़ लिया और एक कमरे में बंधक बनाकर लाठी-डंडों तथा लोहे की रॉड से पूरी रात मारपीट की। शनिवार सुबह विकास के मित्र आकर्षण तिवारी ने उसे गंभीर हालत में देखा और तत्काल डायल-112 को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।

चिकित्सकों के अनुसार विकास के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं तथा उसके एक हाथ की हड्डी भी टूट गई है।

इधर, एक महिला ने सीएसईबी पुलिस चौकी में विकास दुबे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि रात करीब 10 बजे वह जबरन उसके घर में घुस आया और उसके साथ अभद्रता एवं छेड़छाड़ की। महिला ने अपने बयान में यह भी स्वीकार किया कि गुस्से में उसने लोहे के डंडे से विकास की पिटाई की थी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि महिला की शिकायत के आधार पर विकास दुबे के खिलाफ छेड़छाड़ सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। वहीं, विकास दुबे की मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर उसे बंधक बनाकर मारपीट करने वाले नाबालिग और उसके परिजनों के विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस दोनों मामलों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी