home page

(अपडेट) चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की इलाज के दौरान मौत, थाने का घेराव; आरक्षक निलंबित

 | 
(अपडेट) चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की इलाज के दौरान मौत, थाने का घेराव; आरक्षक निलंबित


(अपडेट) चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की इलाज के दौरान मौत, थाने का घेराव; आरक्षक निलंबित


(अपडेट) चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए युवक की इलाज के दौरान मौत, थाने का घेराव; आरक्षक निलंबित


जांजगीर चांपा, 10 सितम्बर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के चांपा में पुलिस हिरासत में लिए गए एक युवक की इलाज के दौरान मौत के बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए और चांपा थाने का घेराव कर दिया। परिजनों ने पुलिस पर हिरासत के दौरान युवक के साथ मारपीट और प्रताड़ना करने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए जांजगीर-चांपा एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को निलंबित कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, मेंहदीपारा निवासी कुल्लू उर्फ शिव सहिस को चांपा पुलिस ने बुधवार को अवैध शराब बिक्री के मामले में आबकारी एक्ट की धारा 34(2) के तहत हिरासत में लिया था। पुलिस के अनुसार हिरासत में लिए जाने के बाद शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ गई। इसके बाद उसे उपचार के लिए चांपा अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर चिकित्सकों ने उसे जांजगीर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

जांजगीर जिला अस्पताल में युवक का इलाज चल रहा था, लेकिन गुरुवार सुबह करीब 8 बजे इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की सूचना मिलते ही उसके परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग चांपा थाने पहुंचे और थाने का घेराव कर दिया। इस दौरान लोगों ने पुलिस के खिलाफ नाराजगी जताते हुए हिरासत के दौरान युवक के साथ कथित मारपीट और प्रताड़ना की जांच की मांग की।

परिजनों का आरोप है कि कुल्लू को पुलिस ने शराब बिक्री के मामले में हिरासत में लिया था और हिरासत के दौरान उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों ने युवक की मौत के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि युवक की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया था और इलाज के दौरान आज उसकी मौत हुई है।

कुल्लू उर्फ शिव सहिस मेंहदीपारा का रहने वाला था और उसके पांच बच्चे हैं। उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। युवक की मौत के बाद उसके पांच बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया है। इसी वजह से परिजन और स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति काफी आक्रोश देखने को मिला।

मामले को लेकर थाने के घेराव और लोगों के आक्रोश के बीच एसपी विजय कुमार पाण्डेय ने आरक्षक ईश्वरी राठौर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पुलिस प्रशासन की ओर से मामले की जांच की जा रही है। युवक की मौत के वास्तविक कारण और हिरासत के दौरान उसके साथ किसी तरह की मारपीट या प्रताड़ना हुई थी या नहीं, यह जांच के बाद स्पष्ट होगा।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन की ओर से स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले ने पुलिस हिरासत में युवक की मौत को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजन दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहे हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT