मगरलोड में दिल दहला देने वाली घटना: माता-पिता को कमरे में बंद कर युवती ने लगाई फांसी
रातभर कमरे में कैद रहे बेबस माता-पिता, सुबह डायल 112 की मदद से खुला दरवाजा
धमतरी, 06 सितंबर (हि.स.)। नगर पंचायत मगरलोड के वार्ड क्रमांक 4 में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां 26 वर्षीय युवती कुमारी लता सिन्हा ने कथित रूप से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना की भयावहता इस बात से और बढ़ गई कि आत्मघाती कदम उठाने से पहले युवती ने घर में टीवी देख रहे अपने माता-पिता को कमरे में बाहर से बंद कर दिया था। इसके बाद उसने हॉल में लगे पंखे से रस्सी का फंदा बनाकर अपनी जान दे दी। बेटी की मौत से अनजान माता-पिता पूरी रात कमरे में कैद रहे। घटना का खुलासा रविवार सुबह उस समय हुआ, जब कमरे में बंद पिता हीरालाल सिन्हा की पत्नी ने मोबाइल के माध्यम से अन्य परिजनों को फोन कर बताया कि उन्हें कमरे में बाहर से बंद कर दिया गया है। सूचना मिलते ही परिजन और आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस सहायता नंबर 112 पर सूचना दी।
डायल 112 की टीम के पहुंचने के बाद ग्रामीणों की मौजूदगी में घर का मुख्य दरवाजा खोला गया। इसके बाद उस कमरे का ताला काटकर माता-पिता को बाहर निकाला गया। हॉल में पहुंचने पर परिजनों ने युवती को फंदे पर लटका देखा। उसकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना के बाद पिता हीरालाल सिन्हा ने मगरलोड थाने में लिखित रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को फंदे से नीचे उतारा और पंचनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों के अनुसार, मृतिका का गांव के ही एक स्थानीय बैगा के यहां आना-जाना था और वह मोबाइल के माध्यम से भी उसके संपर्क में रहती थी। इसी वजह से परिजनों ने उसके संपर्क और घटना के बीच किसी संबंध की आशंका जताई है। हालांकि आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है। मगरलोड थाना प्रभारी प्रमोद अग्रवाल ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। मृतिका का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और काल डिटेल्स सहित अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। घटना के कारणों को लेकर पुलिस की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

