home page

रायकोट में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या

 | 
रायकोट में युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


जगदलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंर्तगत ग्राम रायकोट में रहने वाली एक युवती ने आज शनिवार काे अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना की जानकारी तब लगी, जब परिजनाें के दरवाजा खटखटाने पर काफी देर तक जवाब नहीं मिलने एवं दरवाजा नहीं खुलने पर उसे तोड़ा गया, तो युवती फंदे से लटकी मिली। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

परिजनों से मिली जानकरी के अनुसार रायकोट निवासी अंकिता सेठिया (19 वर्ष) ने करीब डेढ़ साल पहले चिंगपाल निवासी एक युवक से प्रेम विवाह किया था। इसके बाद से उसका मायके आना-जाना लगा रहता था। घर में एक पारिवारिक दुखद कार्यक्रम होने के कारण पूरा परिवार उसमें व्यस्त था। इसी दौरान अंकिता ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

कार्यक्रम समाप्त होने के बाद परिवार के सदस्य घर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने देखा कि अंकिता के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद है। परिजनों ने कई बार दरवाजा खटखटाया और उसे आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। काफी देर तक जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया तो अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए। अंकिता कमरे में फंदे से लटकी हुई थी। परिजनों ने तत्काल रस्सी काटकर उसे नीचे उतारा और इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया

घटना की सूचना पर कोड़ेनार थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आवश्यक साक्ष्य जुटाए। प्रारंभिक जांच के दौरान युवती का कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है, जिससे आत्महत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती ने यह आत्मघाती कदम किन परिस्थितियों में उठाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे