कोरबा: सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत, शराब दुकान के पास भारी वाहन ने मारी टक्कर
कोरबा, 19 अक्टूबर (हि. स.)। कोरबा जिले के बलगी क्षेत्र में सोमवार को शराब दुकान के पास सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
मृतक की पहचान दीपका निवासी शिव प्रसाद (28वर्ष ) के रूप में हुई है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, शिव प्रसाद पिता रामस्वरूप, निवासी दीपका, बजाज पल्सर बाइक क्रमांक CG 07 BQ 2167 से बलगी क्षेत्र से गुजर रहा था। इसी दौरान शराब दुकान के पास किसी अज्ञात भारी वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि शिव प्रसाद सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
हादसे के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।पत्नी और 6 साल के बच्चे को छोड़ गया युवक बताया जा रहा है कि शिव प्रसाद शादीशुदा था और एक निजी कंपनी में काम करता था। उसके परिवार में पत्नी और 6 साल का बच्चा है। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
हादसे के बाद अज्ञात वाहन चालक फरार है। पुलिस वाहन की पहचान करने के लिए आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस का कहना है कि वाहन की पहचान और जांच के बाद ही हादसे के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। तेज रफ्तार भारी वाहनों से हादसे का खतरा स्थानीय लोगों के मुताबिक, बलगी शराब दुकान के पास भारी वाहनों की तेज रफ्तार आवाजाही बनी रहती है। इससे क्षेत्र में सड़क हादसों का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से यहां गति नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

