पुरानी रंजिश में युवक पर चाकू से हमला, आरोपित गिरफ्तार
धमतरी, 09 मार्च (हि.स.)। शहर के बांसपारा क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते एक युवक पर चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार बांसपारा निवासी आशुतोष उर्फ आशिष यादव (20) और प्रिंस नेताम के बीच पहले से विवाद चला आ रहा था। बताया जाता है कि नवंबर माह में प्रिंस नेताम ने आशिष यादव पर हंसिया से हमला किया था, जिसके बाद प्रिंस को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया था। वहां से छूटकर आने के बाद से आशिष यादव बदला लेने की फिराक में था। सोमवार को बांसपारा स्थित इतवारी बाजार के प्रदीप सैलून में प्रिंस नेताम को अकेला पाकर आशिष यादव ने उस पर चाकू से हमला कर दिया और घटना के बाद मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस टीम ने साक्ष्य और गवाहों के आधार पर आरोपित की तलाश शुरू की और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित के कब्जे से घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त किया है। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

