कराते चैंपियनशिप में नन्हे खिलाड़ियों ने दिखाया दम
धमतरी, 15 नवंबर (हि.स.)। शहर के आमातालाब रोड स्थित इंडोर स्टेडियम में आयोजित दो दिवसीय आठवीं
राज्यस्तरीय ओपन कराते चैंपियनशिप का रविवार को समापन हुआ। अंतिम दिन छह
से 11 वर्ष तक के बालक-बालिकाओं ने काते और कुमिते स्पर्धाओं में उत्साह के
साथ हिस्सा लिया। छोटे खिलाड़ियों के मुकाबलों में जीत के लिए कड़ा संघर्ष
देखने को मिला। प्रतियोगिता में प्रदेश के विभिन्न जिलों से करीब 450
खिलाड़ी शामिल हुए।
धमतरी में कराते के जनक माने जाने वाले सेंसाईं
स्वर्गीय राजेश गंजीर की स्मृति में 14 और 15 नवंबर को इस प्रतियोगिता का
आयोजन किया गया। इसमें धमतरी के अलावा रायपुर, महासमुंद, दुर्ग,
राजनांदगांव, कांकेर और बेमेतरा सहित अन्य जिलों के खिलाड़ियों ने हिस्सा
लिया। प्रतियोगिता में कैडेट, जूनियर और सीनियर आयु वर्ग के बालक-बालिकाओं
ने काते एवं कुमिते स्पर्धाओं में दमखम दिखाया। रविवार को छोटे आयु वर्ग के
खिलाड़ियों के मुकाबले विशेष आकर्षण रहे।
धमतरी कराते डू एसोसिएशन के
अध्यक्ष अशोक सिन्हा एवं सह सचिव हेमंत चक्रधारी ने बताया कि धमतरी में इस
प्रतियोगिता का आयोजन आठवें वर्ष किया गया। हर साल प्रदेश के विभिन्न जिलों
से खिलाड़ी उत्साह के साथ इसमें भाग लेते हैं। इस तरह की प्रतियोगिताओं से
खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। साथ ही उन्हें राज्य
और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए तैयारी करने का अनुभव भी मिलता
है। प्रतियोगिता में विभिन्न आयु और वर्गों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने
वाले खिलाड़ियों को स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक प्रदान किए गए। समापन अवसर
पर छत्तीसगढ़ कराते संघ के कार्यकारी अध्यक्ष बी. ब्रह्मया नायडू, धमतरी
कराते डू एसोसिएशन के सचिव गोविंद राम, विभिन्न जिलों से पहुंचे कोच,
खिलाड़ी और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

