बस्तर में मूसलाधर बारिश का सिलसिला जारी,जगदलपुर-हैदराबाद फ्लाइट हुई रद्द
जगदलपुर, 24 सितंबर (हि.स.)। बस्तर में बंगाल की खाड़ी में बने गहरे अवदाब के चलते पिछले दो दिनों से आसमान में घने बादल छाए रहने और रुक-रुककर बारिश जारी रही, वहीं आज गुरूवार सुबह से माैसम विभाग के पूर्वानुमान के भारी बारिश के अनुमान के अनुसार मूसलाधर बारिश का सिलसिला जारी है। जिसके चलते बस्तर जिले में आज सभी शासकीय, अशासकीय और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित दिया गया, वहीं आज जगदलपुर से हैदराबाद की फ्लाइट रद्द करनी पड़ी है।
मौसम खराब होने से 30 से अधिक यात्री हैदराबाद के लिए रवाना नहीं हो सके। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में भी बारिश और बादल बने रहे तो हवाई सेवा प्रभावित हो सकती है। सितंबर में अब तक बस्तर जिले में 156.6 मिमी बारिश दर्ज हो चुकी है, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि से लगभग 11 मिमी. अधिक है।
जगदलपुर एयरपोर्ट पर मौसम खराब होने के कारण हैदराबाद की उड़ान का संचालन नहीं हो सका। सुबह से ही आसमान में घने बादल छाए रहे और मूसलाधर बारिश का दौर जारी रहा। खराब मौसम के चलते विमान के संचालन और सुरक्षा को देखते हुए फ्लाइट रद्द करनी पड़ी। इससे 30 से अधिक यात्रियों को अपनी यात्रा स्थगित करनी पड़ी। मौसम में आए बदलाव का असर सिर्फ हवाई सेवा पर ही नहीं, बल्कि शहर और आस-पास के इलाकों में भी देखने को मिल रहा है। लगातार बादल छाए रहने से दिन के तापमान में भी गिरावट आई है। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक आगामी दिनों में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। ऐसे में दृश्यता और मौसम की स्थिति के आधार पर हवाई सेवा प्रभावित हो सकती है।
मौसम के अनुसार जगदलपुर में बीते दो दिनों में बारिश और गरज-चमक जारी रहने की संभावना भी है। 22 सितंबर को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री था, जो सामान्य से 3.8 डिग्री कम रहा। 23 सितंबर को अधिकतम तापमान 26.5 डिग्री और न्यूनतम 22.6 डिग्री दर्ज हुआ। सामान्य की तुलना में दिन का तापमान करीब 4 डिग्री नीचे लुढ़क गया। 24 सितंबर को अधिकतम 26 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री, 25 और 26 सितंबर को अधिकतम करीब 25 और न्यूनतम 22 डिग्री रहने का अनुमान है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

