home page

नवागढ़ में योग कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता की दी गई जानकारी

 | 
नवागढ़ में योग कार्यक्रम आयोजित, छात्राओं को स्वास्थ्य और स्वच्छता की दी गई जानकारी


जांजगीर-चांपा, 24 जून (हि. स.)। नवागढ़ स्थित स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल (सेजेस) में आज बुधवार को बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत विशेष योग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और जनप्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने विभिन्न योगासन, प्राणायाम और अनुलोम-विलोम का अभ्यास किया। योग प्रशिक्षकों ने नियमित योग के लाभों की जानकारी देते हुए बताया कि योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक संतुलन और एकाग्रता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने और समाज के कल्याण के लिए सकारात्मक योगदान देने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में विशेष रूप से किशोरी बालिकाओं को स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई। उन्हें संतुलित आहार के महत्व, शारीरिक स्वास्थ्य की देखभाल और मासिक धर्म स्वच्छता से जुड़े जरूरी पहलुओं के बारे में जागरूक किया गया।

महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों ने बताया कि, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना का उद्देश्य केवल बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना ही नहीं, बल्कि उनके स्वास्थ्य, सुरक्षा और समग्र विकास के प्रति समाज को जागरूक करना भी है। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए योग कार्यक्रम के साथ स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियों का भी आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, विद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। आयोजन के माध्यम से बालिकाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT