जांजगीर-चांपा में सेवा संकल्प अभियान के तहत योग कार्यक्रम और जिलास्तरीय हॉकी मैच आयोजित
जांजगीर-चांपा, 10 अक्टूबर (हि. स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में स्वस्थ जीवनशैली, जनजागरूकता और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आज शनिवार काे योग कार्यक्रम एवं जिलास्तरीय हॉकी मैच का आयोजन किया गया। पीएमश्री स्वामी आत्मानंद विद्यालय, जांजगीर में ‘योग से निरोग’ कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को नियमित योगाभ्यास के प्रति जागरूक किया गया। वहीं, टीसीएल कॉलेज के हॉकी मैदान में आयोजित जिलास्तरीय हॉकी मैच में खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।
‘योग से निरोग’ कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए इसे स्वस्थ जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने में मदद मिलती है। योग को दैनिक दिनचर्या में शामिल कर निरोगी जीवन की दिशा में कदम बढ़ाया जा सकता है।
इसी क्रम में टीसीएल कॉलेज, जांजगीर के हॉकी मैदान में जिला स्तरीय हॉकी मैच का आयोजन किया गया। इस खेल आयोजन के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी खेल प्रतिभा प्रदर्शित करने और प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर मिला। अतिथियों ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, टीम भावना, आपसी सहयोग और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ खेलों के प्रति रुचि बढ़ाना और युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ना है।
कार्यक्रम में पूर्व संसदीय सचिव अंबेश जांगड़े, नगर पालिका जांजगीर-नैला अध्यक्ष रेखा देवा गढ़ेवाल, नगर पालिका उपाध्यक्ष मोहन यादव, जिला पंचायत सदस्य राजकुमार साहू सहित पुष्पेंद्र प्रताप सिंह, प्रदीप शराफ, हितेश यादव, अमित यादव, सोनू यादव, विवेक सिंह, नरेंद्र कौशिक, अजीत गढ़वाल, सुधीर अग्रवाल, प्रदीप सिंह चंदेल, बलराम जलतारे, केएल पांडेय, मंजुला पांडेय, केशव साहू, गोपेश्वर कहरा और राजू सिंह उपस्थित रहे। इसके अलावा जिला शिक्षा अधिकारी मनोहर प्रताप सिंह, खेल अधिकारी पुष्पा कोरी दिवाकर सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

