home page

सारासोर में श्रमदान, मंदिर की सीढ़ियों और पहुंच मार्ग की सफाई

 | 
सारासोर में श्रमदान, मंदिर की सीढ़ियों और पहुंच मार्ग की सफाई


सूरजपुर, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत आज सोमवार को जिले के पर्यटन स्थलों पर सामूहिक श्रमदान किया गया। जनपद पंचायत भैयाथान के पर्यटन स्थल सारासोर में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों और आम लोगों ने मिलकर श्रीराम-जानकी मंदिर की सीढ़ियों, पहुंच मार्ग और आसपास के परिसर की सफाई की।

कलेक्टर रेना जमील के मार्गदर्शन और जिला पंचायत सीईओ विजेंद्र पाटले के नेतृत्व में आयोजित अभियान में लोगों ने सीढ़ियों पर उगी घास और आसपास फैले कचरे को साफ किया। इस दौरान प्लास्टिक कचरा भी एकत्र किया गया और पर्यटन स्थल को स्वच्छ बनाए रखने का संदेश दिया गया।

पहाड़ियों और जलधारा के बीच स्थित सारासोर अपनी प्राकृतिक सुंदरता के लिए जाना जाता है। मंदिर तक पहुंचने के लिए पर्यटक सीढ़ियों का उपयोग करते हैं। ऐसे में सीढ़ियों और पहुंच मार्ग की नियमित सफाई से आगंतुकों को सुविधा मिलने के साथ पर्यटन स्थल की स्वच्छता भी बनी रहती है।

श्रमदान में शामिल लोगों ने पर्यटकों से अपील की कि वे भ्रमण के दौरान कचरा न फैलाएं। खाने-पीने की सामग्री के पैकेट और प्लास्टिक को निर्धारित स्थान पर डालें या अपने साथ वापस ले जाएं, ताकि पर्यटन स्थलों की प्राकृतिक सुंदरता और स्वच्छता बनी रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय