home page

कालेज छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, रंगोली, पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यय से बताए नशे के दुष्परिणाम

 | 
कालेज छात्रों ने नुक्कड़ नाटक, रंगोली, पोस्टर प्रदर्शनी के माध्यय से बताए नशे के दुष्परिणाम


विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर नर्सिंग विद्यार्थियों ने चलाया जागरूकता अभियान

धमतरी, 30 मई (हि.स.)। विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय धमतरी में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से शनिवार काे स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में रिलायंस इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग एवं फ्लोरेन्स कालेज आफ नर्सिंग, लिमतरा धमतरी के विद्यार्थियों ने सक्रिय भागीदारी निभाते हुए नुक्कड़ नाटक, रंगोली, पोस्टर प्रदर्शनी और जागरूकता रैली के माध्यम से तंबाकू सेवन के खतरों का प्रभावी संदेश दिया।

रिलायंस इंस्टीट्यूट आफ नर्सिंग एवं फ्लोरेन्स कॉलेज आफ नर्सिंग के प्राचार्य संजय कुमार लाल तथा वीके डेविड ने बताया कि तंबाकू सेवन कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों एवं श्वसन संबंधी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। इसके साथ ही तंबाकू की लत व्यक्ति और परिवार दोनों पर आर्थिक बोझ बढ़ाती है। नुक्कड़ नाटक के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि तंबाकू का सेवन केवल उपभोक्ता के लिए ही नहीं, बल्कि उसके आसपास रहने वाले लोगों के लिए भी नुकसानदायक है। सेकंड हैंड स्मोक के कारण अनेक लोग अनजाने में गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का शिकार हो जाते हैं। कार्यक्रम के दौरान जिला चिकित्सालय में उपचार के लिए आए मरीजों एवं उनके परिजनों को तंबाकू मुक्त जीवन अपनाने की शपथ दिलाई गई। साथ ही चिकित्सालय में संचालित तंबाकू नशा मुक्ति परामर्श केंद्र की सेवाओं एवं उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी भी प्रदान की गई, ताकि तंबाकू छोड़ने के इच्छुक लोगों को उचित मार्गदर्शन मिल सके। इस अवसर पर चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ, विद्यार्थियों, मरीजों और उनके परिजनों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। कार्यक्रम ने समाज में स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और तंबाकू मुक्त वातावरण निर्माण के संदेश को प्रभावी ढंग से जन-जन तक पहुंचाया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा