home page

रायगढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, चार घंटे तक चक्काजाम

 | 
रायगढ़ में अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, चार घंटे तक चक्काजाम


रायपुर 27 अगस्त (हि.स.)। रायगढ़-घरघोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाखा स्थित केलो डैम के पास बुधवार की देर शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से स्कूटी सवार एक महिला की मौत हो गई, जबकि उसका पति बाल-बाल बच गया। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने खराब सड़क और लगातार हो रहे हादसों के विरोध में करीब चार घंटे तक चक्काजाम किया।

जानकारी के अनुसार, सुनीता यादव (28) अपने पति रामेश्वर उर्फ रवि यादव के साथ रक्षाबंधन पर मायके लाखा जा रही थीं। बुधवार देर शाम केलो डैम के समीप सामने से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि सुनीता यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति बाल-बाल बच गए।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही लाखा गांव के ग्रामीण और परिजन घटनास्थल पर पहुंच गए। क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों और जर्जर सड़क की स्थिति को लेकर लोगों ने विरोध प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग पर चक्काजाम कर दिया। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

करीब चार घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाइश दी और सड़क सुधार का आश्वासन दिया। साथ ही मृतका के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई। इसके बाद रात लगभग 10 बजे चक्काजाम समाप्त हुआ और यातायात बहाल हो सका। फिलहाल पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान