कलार सिन्हा समाज की महिलाओं ने मनाया तीज मिलन समारोह, खेलों में दिखा उत्साह
धमतरी, 09 सितंबर (हि.स.)। कलार सिन्हा समाज जिला महिला मंच की ओर से बुधवार को तीज मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज की मातृशक्ति ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान सहस्त्रबाहु की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुआ। इसके बाद महिलाओं के लिए विभिन्न रोचक खेल एवं मनोरंजक गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
स्वागत गीत की प्रस्तुति से कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा हो गया, वहीं द्रोपती सिन्हा ने एकल नृत्य की प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में सुना नृत्य, मटका फोड़, कुर्सी दौड़ सहित कई मनोरंजक खेलों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि संजू कामता सिन्हा, कोषाध्यक्ष प्रांत महिला मंच रहीं। अध्यक्षता चन्द्रहास सिन्हा, जिला अध्यक्ष ने की। इस अवसर पर कालिदास सिन्हा, संरक्षक, गणराज सिन्हा, महामंत्री, डा. हरि विनायक सिन्हा, कोषाध्यक्ष, दुलार सिन्हा, मंडल संरक्षक और संतोष कुमार सिन्हा, मंडलेश्वर धमतरी सहित समाज के पदाधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में हीरेश्वर सिन्हा, मंडलेश्वर कुरूद, पन्नालाल सिन्हा, मंडलेश्वर नगरी, हुमेन्द्र गजेंद्र, मंडलेश्वर भखारा, सुरेश कुमार सिन्हा, सचिन धमतरी मंडल, शितेश सिन्हा, युवा महिला मंच, नंदनी सिन्हा, सचिव महिला मंच और सुलोचना सिन्हा, कोषाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में महिला मंच अध्यक्ष परमेश्वरी सिन्हा ने आभार व्यक्त किया। संचालन झमीत सिन्हा, सरपंच ग्राम पंचायत तरसींवा ने किया।
मंडलेश्वर संतोष कुमार सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराएं प्रकृति से गहराई से जुड़ी हुई हैं। तीज मिलन जैसे आयोजन महिलाओं के बीच आपसी प्रेम, स्नेह और सहभागिता को बढ़ावा देते हैं। सामूहिक रूप से आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों से समाज में एकता और आपसी जुड़ाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि महिलाएं अपनी व्यस्त दिनचर्या से समय निकालकर इस तरह के आयोजनों में सहभागी बनती हैं, यह अपने आप में महत्वपूर्ण है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

