चेट्रीचंड पर महिलाओं ने निकाली स्कूटर रैली, गूंजा झूलेलाल का जयकारा
धमतरी, 19 मार्च (हि.स.)।सिंधु शक्ति महिला संगठन एवं पूज्य सिंधी पंचायत ने चेट्रीचंड के अवसर पर गुरूवार शाम शहर में महिला स्कूटर रैली निकाली। रैली विंध्यवासिनी मंदिर से प्रारंभ होकर घड़ी चौक तक पहुंची, जिसमें झूलेलाल साईं के जयघोष के साथ महिलाएं नाचते-गाते शहर भ्रमण करती रहीं।
रैली में शामिल सभी महिलाएं सफेद ड्रेस के साथ केसरिया चुनरी और केसरिया पगड़ी धारण किए हुए थीं। हाथों में झूलेलाल का ध्वज लिए उनका उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम की शुरुआत विंध्यवासिनी मंदिर में महाआरती से हुई। महिलाओं ने माता से सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। इसके पूर्व सभी महिलाएं झूलेलाल मंदिर पहुंचकर झूलेलाल साईं की आरती में शामिल हुईं। तत्पश्चात पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष चंदू जसवानी द्वारा हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया गया।
रैली में बुजुर्गों और असहाय लोगों की सुविधा के लिए लगभग 50 ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई थी, जिससे वे भी इस आयोजन का हिस्सा बन सके। पूरे मार्ग में जगह-जगह रैली का स्वागत किया गया। समाजसेवी राजेश शर्मा की टीम, मंदिर ट्रस्टी आनंद पवार, सुखी कोटवानी, गोपाल वाधवानी, कोमल चावला, अशोक बुधवानी, संगम क्लास स्टोर एवं अन्य लोगों ने स्वागत किया।
घड़ी चौक पहुंचने पर रोमी सावलानी एवं जीविका सावलानी द्वारा आतिशबाजी और स्वागत समारोह आयोजित किया गया। यहां महिलाओं ने अपने इष्ट देव झूलेलाल की जयंती पर सामूहिक नृत्य किया। प्रसादी का वितरण हिंदूजा होटल द्वारा किया गया।
आयोजन को सफल बनाने में धमतरी शहर के महापौर रामू रोहरा, पूज्य सिंधी पंचायत के अध्यक्ष चंदू जसवानी, कार्यवाहक अध्यक्ष सोनू जसूजा, रोमी सावलानी, सुनील रेवलानी, बंटी वाधवानी, सजू ग्वालानी, अमर पिजानी, राजू पंजवानी, रामचंद्र वाधवानी, लक्ष्मण हिंदूजा, अशोक बुधवानी, महेश रोहरा, छत्तीसगढ़ सिंधी महापंचायत महिला विंग की अध्यक्ष भावना कुकरेजा अपनी टीम के साथ, सिंधु शक्ति महिला संगठन की अध्यक्ष पार्वती वाधवानी, महा संरक्षक प्रिया पंजवानी, सचिव साक्षी वाधवानी, शारदा चावला, जया चावला, कोमल धामेचा सहित अन्य लोगों का विशेष योगदान रहा।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

