home page

जांजगीर चांपा: ग्राम तागा में महिला कमांडो दल का गठन, नशा मुक्ति और होली को लेकर पुलिस की विशेष पहल

 | 
जांजगीर चांपा: ग्राम तागा में महिला कमांडो दल का गठन, नशा मुक्ति और होली को लेकर पुलिस की विशेष पहल


जांजगीर-चांपा 02 मार्च (हि.स.)। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर सामुदायिक पुलिसिंग को सशक्त बनाने के उद्देश्य से थाना मुलमुला पुलिस द्वारा सोमवार को ग्राम तागा में विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के तहत महिला सशक्तिकरण, नशा उन्मूलन और आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कई महत्वपूर्ण पहल की गई।

ग्राम तागा में महिलाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण एवं सामाजिक भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से महिला कमांडो दल का विधिवत गठन किया गया। इस दल में गांव की सक्रिय और जागरूक महिलाओं को शामिल किया गया है। उन्हें कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपात स्थिति में त्वरित प्रतिक्रिया देने, नशा उन्मूलन अभियान चलाने और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ कार्य करने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस अधिकारियों ने महिला कमांडो को उनके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों की विस्तृत जानकारी भी दी।

कार्यक्रम के दौरान ग्राम तागा को नशा मुक्त बनाने के संकल्प के साथ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस ने ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के बारे में बताया और समझाया कि नशा पारिवारिक, सामाजिक और आर्थिक समस्याओं का प्रमुख कारण बनता है। ग्रामीणों से अपील की गई कि वे अवैध शराब, मादक पदार्थों और अन्य नशीले पदार्थों के सेवन एवं बिक्री का विरोध करें तथा किसी भी ऐसी गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से महिला कमांडो दल और ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों के साथ संयुक्त रूप से गांव में पैदल पेट्रोलिंग की गई। इस दौरान संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण किया गया और ग्रामीणों से संवाद स्थापित कर आपसी भाईचारा और शांति बनाए रखने की अपील की गई।

ग्राम रक्षा समिति के सदस्यों को भी कानून व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग देने के निर्देश दिए गए। समिति के सदस्यों और महिला कमांडो को किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान निरीक्षक पारस पटेल, थाना प्रभारी मुलमुला ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण का आश्वासन दिया। उन्होंने पुलिस-जन सहयोग को मजबूत करने और सुरक्षित वातावरण निर्माण के लिए सभी से सकारात्मक सहभागिता की अपील की।

इस पहल के माध्यम से ग्राम तागा में महिला सशक्तिकरण, नशा उन्मूलन और शांति व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम उठाए गए हैं, जिसे सामुदायिक पुलिसिंग की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT