home page

जशपुर : जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, आरोपित गिरफ्तार

 | 
जशपुर : जादू-टोना के शक में बुजुर्ग महिला की निर्मम हत्या, आरोपित गिरफ्तार


जशपुर, 05 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में जशपुर जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गितारी पानी में अंधविश्वास के चलते एक बुजुर्ग महिला की बेरहमी से हत्या का मामला सामने आया है। 71 वर्षीय फूलमइत बाई, जो अपने प्रधानमंत्री आवास में अकेली रहती थीं और लकवा ग्रस्त थीं, 4 अप्रैल की सुबह अपने घर में मृत पाई गईं। पुलिस ने आराेपित काे गिरफ्तार कर आज रविवार काे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

परिजनों के अनुसार जब उन्हें खाना देने पहुंचा गया तो उनका शव घर के भीतर पड़ा मिला, जिसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोट के निशान थे। पास ही एक लकड़ी का डंडा भी मिला, जिससे हत्या किए जाने की आशंका जताई गई। मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जहां प्रारंभिक रिपोर्ट में मौत का कारण हत्यात्मक बताया गया।

जांच के दौरान गांव के ही निवासी 30 वर्षीय छदनू राम पर शक गहराया, जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपित ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसके परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे, जिसके लिए वह मृतिका पर जादू-टोना करने का संदेह करता था। इसी शक में उसने 3 अप्रैल की रात करीब 9 बजे महिला के घर जाकर लकड़ी के डंडे से सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी।

पुलिस ने आरोपित के खिलाफ बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर रविवार काे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। साथ ही हत्या में प्रयुक्त डंडा भी जब्त कर लिया गया है। इस पूरी कार्रवाई में थाना बगीचा पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह