home page

हिंसक वन्य प्राणी ने एक गाय का किया शिकार

 | 
हिंसक वन्य प्राणी ने एक गाय का किया शिकार


कांकेर, 16 अगस्त (हि.स.)। जिले के पखांजूर वन परिक्षेत्र के पीव्ही-19 में आज रविवार सुबह हिसक वन्य प्राणी द्वारा एक गाय का शिकार करने का मामला सामने आया है। घटना के बाद आस-पास के ग्रामीणों में दहशत व्याप्त है। गाय के शरीर की हालत और मौके पर मिले पंजों के निशान को देखकर किसी बाघ के होने की आशंका जताई जा रही है।

मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों ने भी पंजों के निशान और गाय की स्थिति को देखते हुए इसे किसी बड़े वन्य प्राणी के हमला होने की संभावना बताई है। कर्मचारियों के अनुसार यह कोई छोटा-मोटा शिकारी वन्य प्राणी नहीं, बल्कि बड़े वन्यजीव के होने की आशंका है। घटना के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने एवं वन्य प्राणी की पहचान के लिए आवश्यक जांच कराने की मांग की है। फिलहाल ग्रामीणों में जंगल की ओर जाने को लेकर डर का माहौल बना हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे