home page

जंगली सुअर का आतंक, महिला समेत 3 लोग घायल

 | 
जंगली सुअर का आतंक, महिला समेत 3 लोग घायल


धमतरी, 29 मार्च (हि.स.)। पुरूर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम आनंदपुर में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जंगली सुअर अचानक गांव में घुस आया और लोगों पर हमला कर दिया। इस घटना में एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकि दो अन्य ग्रामीण भी चोटिल हुए हैं।

अस्पताल चौकी से मिली जानकारी के अनुसार, आनंदपुर निवासी 54 वर्षीय चम्पाबाई तामेर अपने घर में थीं, तभी करीब तीन फीट लंबा जंगली सुअर घर के भीतर घुस आया और उन पर हमला कर दिया। अचानक हुए इस हमले से घबराई महिला ने साहस दिखाते हुए पास में रखी लकड़ी से अपना बचाव किया, जिससे उनकी जान बच सकी। हालांकि हमले में उनके पैर में गंभीर चोट आई है, जिसके बाद उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

ग्रामीणों के मुताबिक जंगली सुअर ने गांव के अन्य दो लोगों पर भी हमला किया, जिससे वे घायल हो गए। दोनों का प्राथमिक उपचार गांव में ही कराया गया है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है और लोग अपने घरों से बाहर निकलने में भी डर महसूस कर रहे हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह का मामला गांव में पहली बार सामने आया है, जब जंगली सुअर आबादी के बीच घुसकर लोगों पर हमला कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि जंगलों में भोजन की कमी या अन्य कारणों से जंगली जानवर आबादी की ओर रुख कर रहे हैं।ग्रामीणों ने वन विभाग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में इस तरह की घटनाएं और भी बढ़ सकती हैं। फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा