home page

हंसिया से गला रेतकर पत्नी की हत्या, आरोपित पति को आजीवन कारावास

 | 
हंसिया से गला रेतकर पत्नी की हत्या, आरोपित पति को आजीवन कारावास


धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)।शादी के तीन माह बाद चरित्र शंका को लेकर आरोपित पति ने अपनी पत्नी की हंसिया से गला रेतकर दर्दनाक हत्या कर दी। इस मामले में न्यायालय ने आराेपित पति को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही अर्थदंड से दंडित भी किया है।

न्यायालयीन सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नगरी थाना क्षेत्र के नगर पंचायत नगरी के वार्ड क्रमांक 15 कोटपारा में 10 जून को हुई हत्या के मामले में न्यायालय ने फैसला सुनाई है।

लोक अभियोजक गितेश प्रजापति ने बताया कि मामला कोटपारा नगरी का है। 10 जून की सुबह 11 बजे जब आरोपित पति धनेश्वर पटेल उम्र 26 वर्ष ने चरित्र शंका को लेकर घर के कमरे में अपनी पत्नी मीनाक्षी पटेल की हंसिया से गला रेतकर दर्दनाक हत्या कर दी थी। घटना के समय घर में आरोपित के माता-पिता नहीं थे। इस घटना के तीन माह पूर्व आरोपित और मृतक की शादी हुई थी। मृतिका का मायका ग्राम मुजगहन-धमतरी है। इस मामले में पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ जुर्म दर्ज कर मामला न्यायालय में पेश किया था। सभी पक्षों को सुनने के बाद इस मामले में प्रथम अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धमतरी मोहन सिंह कोर्राम ने आरोपित धनेश्वर पटेल को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। साथ ही 500 रुपये के अर्थदंड से दंडित किया है। अर्थदंड नहीं पटाने पर आरोपित को तीन माह अतिरिक्त सजा भुगतनी होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा