जगदलपुर में सुबह ठंड एवं घने कोहरे की सफेद चादर ने ढंक लिया, बढ़ेगी ठंड
जगदलपुर , 22 नवंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में मौसम का मिजाज बदलने के साथ ही रविवार सुबह ठंड एवं घने कोहरे की सफेद चादर ने ढंक लिया, दूर किनारे पर लगे पेड़ भी धुंधले नजर आए। सुबह के वक्त विजिबिलिटी काफी कम रही। दरअसल, बीते दिनाें हल्की बौछारों के कारण हवा में नमी का प्रतिशत बढ़कर 93 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
मौसम में आए इस बदलाव का सीधा असर तापमान के अंतर पर भी दिखा है। बादल और नमी के कारण अधिकतम तापमान सामान्य से 5.5 डिग्री लुढ़ककर 22.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। दिन के तापमान में आई इस गिरावट के बाद ठंडक महसूस होने लगी है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार 22 नवंबर की रात से मौसम में बदलाव के संकेत मिलने लगेंगे। 23 नवंबर से आसमान साफ होना शुरू होगा और मंगलवार 24 नवंबर से तापमान में गिरावट का असर स्पष्ट दिखाई देने लगेगा। रात और सुबह की ठंड बढ़ेगी। खुले इलाकों और बाहरी क्षेत्रों में सर्द हवाओं के कारण ठिठुरन ज्यादा महसूस हो सकती है।
मौसम का यह बदला रूप पूरे सप्ताह यानी 28 नवंबर तक बना रहने की संभावना है। आसमान सामान्यतः साफ रहने से रात के तापमान में गिरावट महसूस होगी। सुबह-शाम गर्म कपड़ों की जरूरत बढ़ेगी। मौसम के इस बदलाव के साथ नवंबर के अंतिम सप्ताह में सर्दी अपना असर दिखाने लगेगी। ऐसे में लोगों को बदलते तापमान के अनुरूप दिनचर्या में सावधानी बरतनी होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

