home page

जांजगीर-चांपा में 1 से 14 दिसंबर तक होगा वजन त्यौहार

 | 
जांजगीर-चांपा में 1 से 14 दिसंबर तक होगा वजन त्यौहार


जांजगीर-चांपा, 23 नवंबर (हि. स.)।जांजगीर-चांपा जिले में बच्चों के पोषण एवं स्वास्थ्य की स्थिति का आकलन करने के लिए 1 दिसंबर से 14 दिसंबर 2026 तक वजन त्यौहार का आयोजन किया जाएगा। इस दौरान जिले के 0 से 6 वर्ष तक के सभी बच्चों का वजन किया जाएगा। आयोजन की तैयारियों और सफल क्रियान्वयन को लेकर कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने सोमवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय बैठक लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरक पोषण आहार योजना के तहत हितग्राहियों को उपलब्ध कराई जाने वाली रेडी टू ईट खाद्य सामग्री के उपयोग को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। गर्भवती एवं शिशुवती माताओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों के लिए उपलब्ध कराई जाने वाली सामग्री का नियमित रूप से पूरक पोषण आहार के रूप में उपयोग करने के लिए हितग्राहियों को प्रेरित करने को कहा।

जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास अनिता अग्रवाल ने बताया कि वजन त्यौहार के लिए विकासखंड स्तर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व के मार्गदर्शन में परियोजना अधिकारियों द्वारा माइक्रो प्लान तैयार किया जा रहा है। इसके तहत प्रतिदिन 3 से 5 आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का वजन किया जाएगा। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा किशोरी बालिकाओं का हीमोग्लोबिन परीक्षण कर एनीमिया की जांच भी की जाएगी।

वजन त्यौहार के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा दीवार लेखन भी किया जाएगा। कलेक्टर ने सभी एसडीएम को अपने-अपने अनुभाग की परियोजनाओं को जोन एवं क्लस्टर में विभाजित कर जोनल अधिकारियों की नियुक्ति करने के निर्देश दिए। साथ ही क्लस्टरवार तिथियां निर्धारित कर सभी तैयारियां समय-सीमा में पूरी करने को कहा।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार पोयाम, अपर कलेक्टर बीरेन्द्र लकड़ा, आर.के. तम्बोली, प्रमोद गुप्ता, स्निग्धा तिवारी, संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिता अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT