home page

इंटरकनेक्शन और नए वाल्व से जलापूर्ति में सुधार, दो नए ओवरहेड टैंक प्रस्तावित

 | 
इंटरकनेक्शन और नए वाल्व से जलापूर्ति में सुधार, दो नए ओवरहेड टैंक प्रस्तावित


इंटरकनेक्शन और नए वाल्व से जलापूर्ति में सुधार, दो नए ओवरहेड टैंक प्रस्तावित


धमतरी, 04 मई (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र में जलापूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त और प्रभावी बनाने के लिए व्यापक सुधार कार्य जारी हैं। शहर के विभिन्न इलाकों में पाइपलाइन इंटरकनेक्शन और पुराने जर्जर वाल्वों को बदलने का काम तेजी से किया जा रहा है। जिससे जल वितरण संतुलित होने और अनियमित सप्लाई में सुधार की उम्मीद है। इसी कड़ी में दो नए ओवरहेड टैंक बनाने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है।

नगर निगम क्षेत्र के कई वार्डों में पाइपलाइन नेटवर्क आपस में सही तरीके से जुड़े नहीं होने के कारण कुछ क्षेत्रों में पानी का दबाव कम रहता था। वहीं कुछ स्थानों पर ओवरफ्लो की स्थिति बनती थी। इसे ध्यान में रखते हुए जल विभाग द्वारा इंटरकनेक्शन का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जा रहा है। साथ ही पुराने वाल्वों के कारण पानी की बर्बादी और आपूर्ति बाधित होने की शिकायतें भी सामने आती रही हैं इन्हें दूर करने के लिए आधुनिक वाल्व लगाए जा रहे हैं।

वर्तमान में नगर निगम के नवागांव वार्ड, बठेना वार्ड और सिहावा चौक के पास पाइपलाइन इंटरकनेक्शन का कार्य चल रहा है। इसके साथ ही महिमसागर वार्ड, इतवारी बाजार, गायत्री मंदिर, सेंचुरी गार्डन के पास पानी के लीकेज की समस्या को दूर करने के लिए वाल्व बदलने का काम किया जा रहा है। इसके साथ ही कई वर्षों से पुराने और खराब पड़े ओवरहेड टैंक के वाल्वों को भी बदला जा रहा है। जानकारी के अनुसार नगर निगम धमतरी क्षेत्र में तीन प्रकार के पेयजल पाइपलाइन बिछा हुआ हैं। जिसमें सबसे पुराना सीमेंट का पेयजल पाइपलाइन है। इसके बाद भागीरथी योजना के तहत शहर के वार्डों में पेयजल की पाइपलाइन बिछाई गई। वर्तमान में जल आवर्धन योजना के तहत शहर में पाइपलाइन बिछाया जा रहा है। तीनों लाइन से पेयजल की आपूर्ति शहर के वार्डों में हो रही है। इन तीनों पाइपलाइन से कुल 19200 नल कनेक्शन है। जिसमें भागीरथी और जल आवर्धन योजना के लगभग 17000 नल कनेक्शन है।

नगर निगम के एमआईसी मेंबर व जल विभाग के प्रभारी सदस्य अखिलेश सोनकर ने बताया कि नगर निगम द्वारा दो पाइपलाइन को बंद करके एक ही पाइपलाइन से पेयजल आपूर्ति करने की तैयारियां की जा रही है। 10 अवैध नल कनेक्शनों पर कार्रवाई की गई है। आगामी दिनों में जलकर बकायादारों के कनेक्शनों की जांच की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा