home page

बारिश से बस्तर के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति, सभी स्कूल बंद रहे

 | 
बारिश से बस्तर के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति, सभी स्कूल बंद रहे


जगदलपुर, 11 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिले में बीती रात से जारी जाेरदार बारिश के कारण जगदलपुर शहर के कई इलाकों में जल भराव की स्थिति बन गई है। मौसम की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने आज शुक्रवार को जिले के सभी सरकारी, गैर-सरकारी और अनुदान प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित किया था। जिला शिक्षा अधिकारी के आदेश में बच्चों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया था।

बस्तर में पिछले कुछ समय से जारी रूक-रूक कर हाे रही बारिश से जनजीवन की गतिविधियां चलती रही है, लेकिन बीती रात से जारी जाेरदार बारिश से लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। कई जगह नालियों की सफाई नहीं होने से बारिश का पानी घरों में घुसने की शिकायत भी सामने आई है।

मिली जानकारी के अनुसार जगदलपुर के गांधीनगर वार्ड में बारिश के बाद कई जगह पानी भर गया। सड़क पर जल भराव के कारण लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दलपत सागर वार्ड के गायत्री नगर में भी जल भराव की स्थिति बनी है। सड़क पर पानी जमा होने से लोगों का आवागमन प्रभावित हुआ है। लालबाग, लाल बहादुर शास्त्री वार्ड और कुम्हड़ाकोट के सामने की गली में भी बारिश का पानी जमा है। स्थानीय लोगों के मुताबिक नालियों की सफाई नहीं होने से पानी की निकासी नहीं हो पा रही है और बारिश का पानी घरों में घुस रहा है।

मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और आसपास के क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र के असर से छत्तीसगढ़ और ओडिशा में बारिश की गतिविधियां बढ़ी हैं। माैसम विभााग ने 10 एवं11 सितंबर को छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना सच साबित हुई है, बीती रात से शुरू हुई बारिश ने जन-जीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। शहर के निचले इलाकों में जलभराव के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी बारिश का असर है। ऐसे में लोगों को जलभराव वाले रास्तों और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे