home page

मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 358.70 मीटर पहुंचा, हसदेव नदी में छोड़ा गया 12,017 क्यूसेक पानी

 | 
मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर 358.70 मीटर पहुंचा, हसदेव नदी में छोड़ा गया 12,017 क्यूसेक पानी


काेरबा 04 सितंबर (हि.स.)। लगातार हो रही बारिश के चलते मिनीमाता बांगो बांध का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। शुक्रवार सुबह 6 बजे तक बांध का जलस्तर बढ़कर 358.70 मीटर पहुंच गया, जो इसकी कुल क्षमता का 94.24 प्रतिशत है।

जलस्तर में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए बांध प्रबंधन ने सुबह 8 बजे से निर्धारित स्तर तक गेट खोलकर अतिरिक्त पानी की निकासी शुरू कर दी है।

बांध प्रबंधन से मिली जानकारी के अनुसार, वर्तमान में कुल 10 में से 5 रेडियल गेट बंद हैं। गेट नंबर-5 को 0.10 मीटर, गेट नंबर-6 को 0.30 मीटर और गेट नंबर-7 को 0.10 मीटर तक खोला गया है। इस प्रकार रेडियल गेटों की कुल ओपनिंग 0.50 मीटर है। गेट नंबर-1, 2, 3, 4, 9, 10 और 11 बंद हैं। गेट नंबर-8 के संबंध में दिए गए विवरण में कोई ओपनिंग दर्ज नहीं है।

रेडियल गेटों के माध्यम से 3,017 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है, जबकि पावर प्लांट हाइडल के माध्यम से 9,000 क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। इस तरह बांध से कुल 12,017 क्यूसेक पानी हसदेव नदी में छोड़ा जा रहा है।

कार्यपालन अभियंता संतोष कुमार भारती, बांगो बांध संभाग क्रमांक-3, माचाडोली (कोरबा) ने आज बताया कि बांध में पानी की आवक14,992 क्यूसेक दर्ज की गई है। जलस्तर और जलप्रवाह पर चौबीसों घंटे नजर रखी जा रही है। परिस्थितियों के अनुसार गेट संचालन कर बांध की सुरक्षा और डाउनस्ट्रीम क्षेत्रों में जल प्रवाह को संतुलित बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी