home page

तीन दिन से पानी का संकट, बाल्टी लेकर निगम पहुंचे वार्डवासी

 | 
तीन दिन से पानी का संकट, बाल्टी लेकर निगम पहुंचे वार्डवासी


धमतरी, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्य राइजिंग पाइपलाइन में खराबी से शहर के कई वार्डों में तीन दिन से पेयजल संकट बना हुआ है। बुधवार को निगम की टीम सिहावा रोड पर पाइपलाइन का लीकेज सुधारने में जुटी रही। वहीं औद्योगिक और नवागांव वार्ड के लोग बाल्टी लेकर निगम कार्यालय पहुंच गए। लोगों ने तीन-चार दिनों से घरों में पानी नहीं आने की शिकायत करते हुए तत्काल व्यवस्था की मांग क

सोमवार को सिहावा चौक से नहर नाका चौक तक फोरलेन निर्माण के दौरान जेसीबी से खुदाई में मुख्य राइजिंग पाइपलाइन दो स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई थी। इससे जालमपुर और बठेना की ओवरहेड टंकियों में पानी नहीं पहुंचा और इनसे जुड़े वार्डों की आपूर्ति प्रभावित हुई। मंगलवार को मरम्मत के लिए 14.70 एमएलडी पुराने वाटर फिल्टर प्लांट से टंकियों में जलापूर्ति रोकी गई। इससे निगम के सभी 40 वार्डों की नियमित पेयजल आपूर्ति प्रभावित रही। निगम की टीम ने शाम तक लीकेज सुधार दिया, लेकिन रात में सिहावा रोड स्थित दिवित फार्म्स के पास पाइपलाइन फिर फूट गई।

बुधवार को दोबारा मरम्मत शुरू की गई। जालमपुर टंकी से जालमपुर, आमापारा, मकेश्वर, साल्हेवारपारा और महंत घासीदास वार्ड में जलापूर्ति होती है। वहीं बठेना टंकी से बठेना, औद्योगिक वार्ड, सरदार वल्लभभाई पटेल, आधारी नवागांव और श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड में पानी पहुंचाया जाता है। जागरूक युवा मंच के कोमल संभाकर, संजू यादव, राजकुमार जांगड़े, प्रताप कोसरे और पंकज के साथ औद्योगिक व नवागांव वार्ड के लोग बुधवार को बाल्टी लेकर निगम कार्यालय पहुंचे। उनका कहना था कि उनके घरों सहित आसपास के कई घरों में तीन-चार दिनों से पानी नहीं आ रहा है। निगम में शिकायत के बाद भी समस्या दूर नहीं हुई और टैंकर की व्यवस्था भी पर्याप्त नहीं है।

निगम कार्यालय में अधिकारी नहीं मिलने पर लोगों ने गांधी मैदान में सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रम में एसडीएम, निगम उपायुक्त और तहसीलदार से मुलाकात कर पेयजल समस्या बताई। अधिकारियों ने पाइपलाइन जल्द सुधारकर आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया। जल विभाग के सभापति अखिलेश सोनकर ने बताया कि दिवित फार्म्स के पास फूटी पाइपलाइन की मरम्मत बुधवार शाम तक पूरी होने की उम्मीद है। लीकेज ठीक होते ही प्लांट से ओवरहेड टंकियों में पानी पहुंचाया जाएगा और इसके बाद घरों में आपूर्ति बहाल होगी। प्रभावित क्षेत्रों में बोर और हैंडपंप से पानी लेने की सुविधा के साथ निगम के टैंकरों से भी वैकल्पिक व्यवस्था जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा