home page

खनन अपशिष्ट पहाड़ पर हुए भीषण भूस्खलन : कांग्रेस ने की एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग

 | 
खनन अपशिष्ट पहाड़ पर हुए भीषण भूस्खलन : कांग्रेस ने की एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग


दंतेवाड़ा, 24 नवंबर (हि.स.)। दंतेवाड़ा जिले के किरंदुल स्थित बैलाडीला की पहाड़ियों में एनएमडीसी के डिपॉजिट-14 क्षेत्र में खनन अपशिष्ट पहाड़ पर हुए भीषण भूस्खलन (लैंडस्लाइड) की जांच के लिए छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज द्वारा गठित सात सदस्यीय जांच समिति मंगलवार काे किरंदुल पहुंच गई है। कांग्रेस की जांच समिति का नेतृत्व विधायक लखेश्वर बघेल कर रहे हैं। इसमें विधायक विक्रम मंडावी, देवती कर्मा, रेखचंद जैन, शकील रिजवी, लालू राठौर और अवधेश गौतम सदस्य हैं। कांग्रेस ने इस पूरे मामले में एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

कांग्रेस का जांच दल प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर जंगल, पेड़-पौधों और वन्यजीवों को हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति जानना चाहता था, लेकिन शुरुआत में एनएमडीसी के अधिकारियों ने उन्हें घटनास्थल पर जाने से रोक दिया। कांग्रेस की टीम को घटनास्थल तक जाने से रोके जाने के बाद विवाद खड़ा हो गया। दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव के हस्तक्षेप के बाद जांच दल को घटनास्थल पर जाने की अनुमति मिल गई है। अनुमति मिलने के बाद कांग्रेस की जांच समिति प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर भूस्खलन से हुए नुकसान की वास्तविक स्थिति का जायजा लेने माैके पर पंहुचकर इस पूरे मामले में एनएमडीसी प्रबंधन की जवाबदेही तय करने की मांग की है।

कांग्रेस जांच दल के अनुसार एनएमडीसी प्रबंधन ने मलबे का फैलाव महज 02 से 03 किलोमीटर बताया था, जबकि मौके पर निरीक्षण के दौरान मलबा करीब 07 से 08 किलोमीटर तक फैला नजर आया। इसकी चपेट में जंगल का बड़ा हिस्सा आ चुका है। हजारों पेड़-पौधे मलबे में दब गए हैं। चार जलस्रोतों के प्रभावित होने और सैकड़ों वन्यजीवों के मारे जाने की आशंका भी जताई गई है।

कांग्रेस जांच दल ने आशंका जताई कि यदि इस बीच बारिश होती है तो हालात और भयावह हो सकते हैं। मलबे के आगे बढ़ने से जंगल के और बड़े हिस्से, जलस्रोतों तथा वन्यजीवों को नुकसान पहुंच सकता है। जांच समिति स्थानीय ग्रामीणों से चर्चा करने के साथ ही खनन अपशिष्ट के प्रबंधन, सुरक्षा इंतजामों और पर्यावरणीय नुकसान की पड़ताल कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश कांग्रेस कमेटी को सौंपेगी।

कांग्रेस जांच दल ने एनएमडीसी प्रबंधन के रवैये पर सवाल उठाते हुए कहा कि इतनी बड़ी घटना का सामान्यीकरण करना उचित नहीं है। किसी इंसान की मौत नहीं हुई, यह राहत की बात हो सकती है। इसका मतलब यह नहीं कि हजारों पेड़ों का खत्म होना, जलस्रोतों का प्रभावित होना और वन्यजीवों का अस्तित्व संकट में पड़ना कोई बड़ी घटना नहीं है।

कांग्रेस जांच दल ने मांग की कि पूरे प्रभावित क्षेत्र का वैज्ञानिक और स्वतंत्र सर्वे कराया जाए। मलबे की वास्तविक सीमा, पेड़ों की क्षति, जलस्रोतों की स्थिति और वन्यजीवों को हुए नुकसान का आकलन सार्वजनिक किया जाए। साथ ही घटना के लिए जिम्मेदारी तय कर एनएमडीसी प्रबंधन पर उचित कार्रवाई की जाए।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे