home page

जेल के दूषित पानी से त्रस्त वार्डवासी, एनएसयूआई ने दी आंदोलन की चेतावनी

 | 
जेल के दूषित पानी से त्रस्त वार्डवासी, एनएसयूआई ने दी आंदोलन की चेतावनी


जेल के दूषित पानी से त्रस्त वार्डवासी, एनएसयूआई ने दी आंदोलन की चेतावनी


धमतरी, 19 जून (हि.स.)। नगर निगम क्षेत्र के बठेना वार्ड और सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में सालों बाद भी निकासी व्यवस्था का स्थायी हल नहीं निकल पाया है। हालत यह है कि वर्षा के मौसम में यहां के रहवासियों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। यहां के रहवासी समस्या के निराकरण की मांग करते-करते थक चुके हैं। वार्डवासियों ने समस्या के स्थायी निराकरण की मांग की है। शुक्रवार को एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने यहां निरीक्षण कर व्यवस्था का जायजा लिया।

नगर निगम क्षेत्र के सरदार वल्लभभाई पटेल वार्ड में जिला जेल के पीछे रहने वाले वार्डवासी लंबे समय से दूषित पानी, जलभराव और जर्जर नाली व्यवस्था की समस्या से जूझ रहे हैं। जेल परिसर से निकलने वाले गंदे पानी के कारण क्षेत्र में बदबू और गंदगी का माहौल बना हुआ है, जिससे स्थानीय लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है तथा संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। रहवासियों के अनुसार पूर्व में निर्मित नाली की निकासी रेलवे ट्रैक निर्माण के बाद बाधित हो गई, जिसके चलते गंदे पानी के बहाव का रास्ता बंद हो गया है और पानी लगातार जमा हो रहा है। कई बार नगर निगम, महापौर एवं संबंधित अधिकारियों को शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। स्थिति इस कदर गंभीर है कि क्षेत्र में स्थित शासकीय प्राथमिक शाला के बच्चों और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में पड़ गई है। नाली के ऊपर लगे ढक्कन जर्जर और क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।

वार्डवासी अशोक मानिकपुरी, रमजान खान और छोटू खान ने बताया कि दूषित पानी, दुर्गंध और जलभराव के कारण उनका दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है तथा प्रशासन को इस दिशा में तत्काल स्थायी समाधान करना चाहिए। मामले की गंभीरता को देखते हुए एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और वार्डवासियों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों की उदासीनता के कारण लोगों को नारकीय परिस्थितियों में जीवनयापन करना पड़ रहा है। राजा देवांगन ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सात दिनों के भीतर दूषित पानी की निकासी, नाली की मरम्मत और सुरक्षा संबंधी आवश्यक कार्य शुरू नहीं किए गए तथा समस्या का स्थायी समाधान नहीं निकाला गया, तो एनएसयूआई वार्डवासियों के साथ मिलकर उग्र आंदोलन करेगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा