नालंदा ग्रंथालय के लिए वैकल्पिक भूमि की मांग, कलेक्ट्रेट पहुंचे वार्डवासी
वार्डवासियों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन
धमतरी, 23 फ़रवरी (हि.स.)। हटकेशर, सुभाषनगर और शीतलापारा के वार्डवासियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर नालंदा ग्रंथालय भवन के प्रस्तावित निर्माण स्थल को लेकर आपत्ति जताते हुए साेमवार को कलेक्टर से नए स्थान की मांग की गई। ज्ञापन में मांग की है कि नवनिर्मित सामुदायिक भवन के प्रांगण में किसी प्रकार का नया भवन निर्माण न किया जाए और ग्रंथालय के लिए उपयुक्त वैकल्पिक स्थान का चयन किया जाए।
वार्डवासियों का कहना है कि शासन के आदेशानुसार हटकेशर में नालंदा ग्रंथालय का निर्माण धमतरी के लिए गौरव की बात है, लेकिन इसे सामुदायिक भवन परिसर में बनाना उचित नहीं होगा। नगर निगम के प्रयास से सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवन और उसका मैदान वार्डवासियों के लिए आरक्षित किया गया है, जहां वर्तमान में विवाह, जन्मोत्सव, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम, मंडई तथा बच्चों की खेल गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित हो रही हैं। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि पूर्व में हटकेशर क्षेत्र का मैदान चारागाह और निस्तारी भूमि था, जिसे बाद में गृह निर्माण बोर्ड कॉलोनी के रूप में विकसित किया गया। वर्तमान में हटकेशर, सुभाषनगर और शीतलापारा में खुली भूमि का अभाव है। ऐसे में सामुदायिक भवन का प्रांगण ही एकमात्र सार्वजनिक स्थल बचा है, जिसे सभी समाजों के लिए सुरक्षित रखा जाना चाहिए। वार्डवासियों ने मांग की है कि सामुदायिक भवन और मैदान को सर्व समाज के उपयोग के लिए आरक्षित रखा जाए तथा नालंदा ग्रंथालय परिसर हेतु अन्य उपयुक्त स्थान चिन्हित किया जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान शांतिलाल देवांगन, कैलाश यादव, नारायण देवांगन, उगेश बानसोर, भरत देवांगन, मानिकराम साहू, यादराम ध्रुव, सालिकराम साहू, श्रवण देवांगन, भूषण साहू, विनोद पटेल, शंकर रावटे, नीलकंठ साहू, संतोष साहू, नारद यादव, मोहन यादव, हेमंत साहू, कन्हैया मारकंडे, कमलेश पटेल, संतराम साहू, नीलमणि साहू, खिलावन पटेल, सुनीता वर्मा, सोहद्रा यादव, जुनी साहू, संतोषी मडामें, सावित्री यादव सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

