1908 विद्यार्थियों ने ऑनलाइन क्विज में परखा निर्वाचन ज्ञान
बलरामपुर, 10 सितंबर (हि.स.)। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत जिले के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में गुरुवार काे जिलास्तरीय ऑनलाइन क्विज प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में 1908 छात्र-छात्राओं ने ऑनलाइन माध्यम से हिस्सा लेकर निर्वाचन प्रक्रिया और मतदान से जुड़े अपने ज्ञान को परखा।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिले के सभी महाविद्यालयों में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब बनाए गए हैं। इन क्लबों के माध्यम से विद्यार्थियों को मतदाता पंजीयन, मतदान प्रक्रिया और निर्वाचन व्यवस्था से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। ऑनलाइन क्विज का उद्देश्य युवाओं को मतदान के महत्व से परिचित कराने के साथ उन्हें स्वयं और अपने परिवार के पात्र सदस्यों का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए प्रेरित करना है।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालयों के प्राचार्यों, प्राध्यापकों और नोडल अधिकारियों ने समन्वय किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी विद्यार्थियों को सहभागिता प्रमाण पत्र भी प्रदान किए गए।
जिला निर्वाचन कार्यालय ने विद्यार्थियों के साथ आम नागरिकों से मतदाता सेवाओं के लिए भारत निर्वाचन आयोग के अधिकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म ईसीआई नेट का उपयोग करने की अपील की है। इसके माध्यम से मतदाता सूची में नाम देखना, नए मतदाता के रूप में पंजीयन कराना, जानकारी में संशोधन सहित निर्वाचन से जुड़ी विभिन्न सेवाओं और जानकारियों का लाभ लिया जा सकता है।
अधिकारियों के अनुसार, ऐसे आयोजनों के जरिए युवाओं को निर्वाचन प्रक्रिया की जानकारी देने के साथ उन्हें लोकतांत्रिक व्यवस्था में सक्रिय भागीदारी के लिए तैयार करने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

