home page

सक्ती के बसंतपुर गोरखापाली में हिंसा, ट्रैक्टर-पिकअप और बाइक में लगाई आग

 | 
सक्ती के बसंतपुर गोरखापाली में हिंसा, ट्रैक्टर-पिकअप और बाइक में लगाई आग


सक्ती के बसंतपुर गोरखापाली में हिंसा, ट्रैक्टर-पिकअप और बाइक में लगाई आग


सक्ती, 05 मार्च (हि.स.)। सक्ती जिले में दो पक्षों के बीच विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। जिले के मालखरौदा थाना क्षेत्र के ग्राम बसंतपुर गोरखापाली में हुई इस घटना के बाद पूरे गांव में तनाव का माहौल बन गया है। विवाद के दौरान कुछ लोगों ने एक घर में तोड़फोड़ करते हुए आगजनी की घटना को अंजाम दिया, जिसमें कई वाहन जलकर खाक हो गए।

मालखरौदा पुलिस के अनुसार के अनुसार आज गुरुवार को गांव में दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कुछ लोगों ने आक्रोशित होकर एक घर पर हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने घर में तोड़फोड़ करने के साथ ही आग लगा दी। इस दौरान घर के पास खड़े एक ट्रैक्टर, एक पिकअप वाहन और दो मोटरसाइकिल आग की चपेट में आ गए। देखते ही देखते सभी वाहन जलकर पूरी तरह नष्ट हो गए।

घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया है कि यह पूरा विवाद जातिगत तनाव के कारण हुआ है। घटना की जानकारी मिलते ही मालखरौदा थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश शुरू की।

संभावित तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मौके का मुआयना कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और पूरे इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT