सिर्री समूह जलप्रदाय योजना से 83 गांवों को मिलेगा शुद्ध पेयजल
29 हजार से अधिक घरों तक पहुंचेगा नल कनेक्शन, 1.53 लाख ग्रामीण होंगे लाभान्वित
धमतरी, 26 फ़रवरी (हि.स.)। जल जीवन मिशन के तहत जिले में एक और बड़ी पहल आकार ले रही है। विकासखंड कुरुद के 83 गांवों को शामिल करते हुए सिर्री समूह जलप्रदाय योजना प्रस्तावित की गई है, जिसके माध्यम से 29,036 घरेलू नल कनेक्शन प्रदान कर लगभग 1,53,159 ग्रामीणों को घर-घर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। वर्तमान में योजना की विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार की जा रही है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग द्वारा तैयार इस महत्वाकांक्षी योजना की अनुमानित लागत 12,512.31 लाख रुपये आंकी गई है। शामिल 83 ग्रामों में अधोसंरचना विकास के लिए 7,239.23 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। साथ ही रेट्रोफिटिंग एवं सिंगल विलेज योजनाओं के कार्य भी समानांतर रूप से प्रगति पर हैं।
यह योजना सतही जल स्रोत पर आधारित होगी। प्रस्तावित जल स्रोत रुद्री बैराज है। ग्राम डांडेसरा के समीप महानदी मेन कैनाल में स्थापित क्रास रेगुलेटर के अपस्ट्रीम में रॉ-वॉटर कलेक्शन समवेल एवं पंप हाउस का निर्माण किया जाएगा, जहां से 83 गांवों तक नियमित और पर्याप्त जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी। विभागीय जानकारी के अनुसार, पूर्व में प्रस्तावित रुद्री समूह जलप्रदाय योजना के तहत 238 ग्रामों के लिए 13 एमसीएम वार्षिक कच्चे जल की उपलब्धता का प्रमाण पत्र जारी किया जा चुका है। सिर्री समूह योजना के 83 गांव भी इसी स्रोत से जुड़े रहेंगे, जिससे जल उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की बाधा नहीं होगी। लगभग 24 माह में योजना के पूर्ण क्रियान्वयन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। योजना के पूरा होने पर विशेष रूप से वे गांव राहत महसूस करेंगे जहां भू-जल स्तर में गिरावट की समस्या बनी हुई है। घर-घर नल कनेक्शन से महिलाओं और बच्चों को पानी लाने की परेशानी से मुक्ति मिलेगी तथा ग्रामीणों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल की स्थायी सुविधा उपलब्ध हो।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

