home page

नगर निगम में शामिल करने की सुगबुगाहट से श्यामतराई में नाराजगी, ग्रामीणों ने जताया विरोध

 | 
नगर निगम में शामिल करने की सुगबुगाहट से श्यामतराई में नाराजगी, ग्रामीणों ने जताया विरोध


धमतरी, 17 नवंबर (हि.स.)। ग्राम श्यामतराई को नगर निगम धमतरी में शामिल किए जाने की चर्चा से ग्रामीणों में नाराजगी है। इसके विरोध में मंगलवार को ग्राम विकास समिति और ग्राम पंचायत के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनदर्शन में आवेदन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई।

ग्रामीणों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि वे किसी भी स्थिति में गांव को नगर निगम में शामिल नहीं करना चाहते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि श्यामतराई को नगर निगम में शामिल किए जाने की जानकारी मिल रही है, लेकिन इस संबंध में न तो ग्राम पंचायत की सहमति ली गई है और न ही ग्रामवासियों से कोई चर्चा की गई है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव के भविष्य से जुड़ा इतना महत्वपूर्ण निर्णय बिना स्थानीय लोगों की राय और पंचायत के प्रस्ताव के लेना उचित नहीं है। लोकतांत्रिक व्यवस्था में ग्रामसभा और ग्रामीणों की भावनाओं का सम्मान किया जाना चाहिए। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि श्यामतराई को नगर निगम में शामिल करने की प्रस्तावित प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और उनकी असहमति को गंभीरता से लिया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि ग्रामीणों की इच्छा के विपरीत जबरन गांव को नगर निगम में शामिल करने का प्रयास किया गया तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने से पीछे नहीं हटेंगे। जरूरत पड़ने पर उग्र प्रदर्शन भी किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।

ग्रामीणों ने एकजुट होकर इस निर्णय का पुरजोर विरोध करने की बात कही। जनदर्शन में आवेदन सौंपने वालों में सरपंच डोमेश्वरी खेमलाल साहू, उपसरपंच धनंजय साहू, ग्राम विकास समिति अध्यक्ष टीकराम साहू, उपाध्यक्ष नीलकंठ साहू सहित पंच साधना साहू, भानबाई साहू, धनंजय साहू, गजानंद साहू, गजेन्द्र साहू, वसंत सोरी, सीमा मंडावी, भगवंतीन साहू, तीरथ साहू, ईश्वरी साहू, ईश्वरी ध्रुव, महेश साहू और अमृता मेश्राम सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा