जन्मदिन के बहाने प्रार्थना सभा-धर्मांतरण का संदेह हाेने पर ग्रामीणों ने मकान को घेरा
कांकेर, 21 सितंबर (हि.स.)। जिले के अंतागढ़ ब्लॉक अंतर्गत ग्राम बड़े तेवड़ा में बीती रात जन्मदिन के बहाने धर्मांतरण की आशंका को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। एक ग्रामीण के घर जन्मदिन कार्यक्रम के दौरान प्रार्थना सभा आयोजित किए जाने के संदेह पर सैकड़ों ग्रामीणों ने मकान को घेर लिया, जिससे गांव में भारी तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। प्रशासनिक मुस्तैदी और समझाइश के बाद ग्राम बड़े तेवड़ा रात भर पुलिस छावनी बना रहा आज साेमवार काे ग्राम बड़े तेवड़ा में शांति बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व सरपंच राजमन सलाम के भाई रामलाल सलाम के घर परिवार के एक सदस्य का जन्मदिन मनाया जा रहा था। इसी दौरान ग्रामीणों को संदेह हुआ कि अंदर ईसाई समाज की प्रार्थना सभा और धर्मांतरण की प्रक्रिया चल रही है। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए और घर का घेराव कर नारेबाजी करने लगे। तनाव की सूचना मिलते ही देर रात अंतागढ़ एसडीएम राहुल रजक और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने उग्र ग्रामीणों से लंबी बातचीत कर उन्हें शांत कराया और घर में मौजूद लोगों को सुरक्षा प्रदान की। किसी भी अप्रिय घटना से निपटने के लिए रात भर गांव में भारी पुलिस बल तैनात रहा। स्थिति सामान्य होने पर सुबह पुलिस टीम वापस लौटी।
गौरतलब है कि बड़े तेवड़ा गांव में धर्मांतरण को लेकर लंबे समय से संवेदनशीलता बनी हुई है। कुछ महीनों पहले भी यहां ईसाई समाज के शव को दफनाने के मुद्दे पर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई थी, जिसमें जमकर पथराव हुआ था और कई पुलिस कर्मियों सहित ग्रामीण घायल हुए थे। फिलहाल, प्रशासन गांव की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

