home page

घुरावड़ में सीसी रोड, पुलिया और शौचालय निर्माण की मांग लेकर ग्रामीण पहुंचे कलेक्टरेट

 | 
घुरावड़ में सीसी रोड, पुलिया और शौचालय निर्माण की मांग लेकर ग्रामीण पहुंचे कलेक्टरेट


धमतरी, 21 अप्रैल (हि.स.)। छत्तीसगढ़ जिले के नगरी विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत घुरावड़ के ग्रामीण आज भी मूलभूत सुविधाओं से जूझ रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर मंगलवार को पंचायत प्रतिनिधियों ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सीसी रोड, पुलिया निर्माण एवं स्कूलों में बालक-बालिका शौचालय निर्माण कार्य की स्वीकृति की मांग की गई है।

ग्राम पंचायत घुरावड़ के सरपंच महेश कुमार नेताम एवं उप सरपंच ईश्वर लाल मंडावी ने बताया कि ग्राम में कई आंतरिक मार्ग अभी भी कच्ची स्थिति में हैं। जिसके कारण ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। बारिश के दौरान स्थिति और भी गंभीर हो जाती है जब कच्ची सड़कें कीचड़ में बदल जाती हैं और कई स्थानों पर जलभराव के कारण रास्ते पूरी तरह अवरुद्ध हो जाते हैं। इसके अलावा पुलिया के अभाव में खेतों और गांव के बीच संपर्क बाधित हो जाता है जिससे कृषि कार्यों एवं दैनिक गतिविधियों पर प्रभाव पड़ता है। उन्होंने स्कूल खेत से मैनी खेत तक मुरूमीकरण सह पुलिया निर्माण, सोरी खेत के पास पुलिया निर्माण एवं प्रेमलाल घर से पुराना गौठान तक 300 मीटर सी सी रोड निर्माण कार्य स्वीकृत करने की मांग कलेक्टर से की है।

घुरावड़ के पंचायत प्रतिनिधियों ने ग्राम के शासकीय विद्यालयों में शौचालयों की खराब स्थिति पर भी कलेक्टर का ध्यानाकर्षण कराया है। उन्होंने बताया कि माध्यमिक शाला घुरावड़, प्राथमिक शाला घुरावड़, प्राथमिक शाला अमाली पारा एवं हायर सेकेंडरी स्कूल घुरावड़ में मौजूदा शौचालय जर्जर हो चुके हैं जिससे छात्र-छात्राओं को दिक्कतों सामना करना पड़ रहा है। इन सभी स्कूलों में नए बालक-बालिका शौचालय निर्माण कार्य की शीघ्र स्वीकृति की मांग की गई है ताकि विद्यार्थियों को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध हो सके। इस दौरान वार्ड पंच विमल कुमार मरकाम, लखन लाल मरकाम, महेंद्र ध्रुव, आसु लाल मरकाम सहित अन्य वार्ड पंच उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा