home page

धमतरी के श्यामतराई में कथित देह व्यापार के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन

 | 
धमतरी के श्यामतराई में कथित देह व्यापार के विरोध में ग्रामीणों का प्रदर्शन


धमतरी, 01 अक्टूबर (हि.स.)। श्यामतराई इलाके में कथित देह व्यापार के विरोध में ग्रामीणों का आक्रोश सामने आया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने एक मकान का घेराव कर जमकर नारेबाजी की और इलाके में चल रही संदिग्ध गतिविधियों पर रोक लगाने की मांग की।

ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित मकान में करीब चार वर्षों से अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें सामने आती रही हैं, जिससे क्षेत्र का माहौल प्रभावित हो रहा था। ग्रामीणों के मुताबिक, कई बार प्रशासन का ध्यान इस ओर आकर्षित कराया गया, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने से नाराजगी बढ़ती गई। बुधवार को पुलिस ने इसी मकान पर दबिश देकर 18 लोगों को हिरासत में लिया था, जिनमें 12 युवक और छह युवतियां शामिल बताए गए हैं। पुलिस ने 18 लोगों के खिलाफ धारा 151 के तहत कार्रवाई की है।

हालांकि ग्रामीण इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं और उनका कहना है कि मामले में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लग सके। ग्रामीणों का आरोप है कि मकान में लोगों की लगातार आवाजाही के कारण क्षेत्र के युवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। इसी को लेकर ग्रामीणों ने मकान का घेराव कर चेतावनी दी कि यदि कथित गतिविधियां पूरी तरह बंद नहीं हुईं तो आगे सड़क जाम कर प्रदर्शन किया जाएगा। ग्राम विकास समिति अध्यक्ष टीका राम साहू ने कहा कि गांव के एक घर में कथित अनैतिक गतिविधियों से गांव की छवि प्रभावित हो रही है।

इस संबंध में प्रशासन का लगातार ध्यान आकर्षित कराया गया, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी थी। अब ग्राम पंचायत और ग्राम विकास समिति के सहयोग से ग्रामीण एकजुट होकर ऐसी गतिविधियों को पूरी तरह बंद कराने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन की ओर से ठोस कार्रवाई नहीं होती है तो सड़क जाम जैसे आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।

ग्राम पंचायत श्यामतराई की सरपंच डोमेश्वरी साहू ने कहा कि संबंधित गतिविधियों को लेकर पूर्व में भी प्रशासन को सूचना दी जाती रही है। अब पुलिस कार्रवाई हुई है तो इसे प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाते हुए ऐसी गतिविधियों पर पूरी तरह रोक लगाई जानी चाहिए, ताकि गांव का माहौल शांतिपूर्ण बना रहे। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में दोबारा ऐसी गतिविधियां न होने देने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा