home page

नारायणपुर के ग्रामीणाें काे नहीं मिली प्रशासनिक मदद, श्रमदान से किया आवागमन बहाल

 | 
नारायणपुर के ग्रामीणाें काे नहीं मिली प्रशासनिक मदद, श्रमदान से किया आवागमन बहाल


नारायणपुर, 09 सितंबर (हि.स.)। जिले के ग्राम पंचायत झारावाही से हतलानार होते हुए नारायणपुर को जोड़ने वाला मुख्य मार्ग बारिश में पुलिया बह गई थी। प्रशासनिक मदद नहीं मिलने पर ग्रामीणाें ने श्रमदान कर आवागमन बहाल किया।

ग्रामीणाें ने बताया कि सूचना जनपद पंचायत से लेकर जिला प्रशासन के उच्चाधिकारियों को दी गई लेकिन किसी भी जिम्मेदार अधिकारी ने मौके पर जाकर सुध लेना तक उचित नहीं समझा। इस आपदा के चलते झारावाही, हतलानार और दुम्मा गांव के लोगों का संपर्क जिला मुख्यालय से पूरी तरह टूट गया। स्कूली बच्चे, बीमार बुजुर्ग और आपातकालीन स्थिति में मरीज गांव में ही कैद होकर रह गए थे।

प्रशासन की बेरुखी से तंग आकर झारावाही, हतलानार और दुम्मा के ग्रामीण एकजुट हाेकर आज बुधवार काे स्वयं ही सड़क व पुलिया निर्माण के लिए जुट गए। मजबूर ग्रामीणों ने स्वयं श्रमदान कर बिना किसी सरकारी मशीनरी, क्रेन या आधुनिक संसाधन के लकड़ी और रस्सियों के सहारे कई क्विंटल वजनी सीमेंट (ह्यूम) पाइप को बह चुके नाले पर रखकर आवागमन का रास्ता बनाना पड़ा। यह तस्वीर इस कड़वी सच्चाई को भी उजागर करता है कि प्रशासनिक लापरवाही ने आज आम जनता को स्वयं मजदूरी करने पर मजबूर हाेना पड़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे