home page

हाथी के हमले से एक ग्रामीण की माैत, वन विभाग ने हाथियाें से सुरक्षित दूरी बनाने की अपील

 | 

गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही, 26 अक्टूबर (हि.स.)। मरवाही वनमंडल क्षेत्र में साेमवार काे हाथियों के दल को देखने पहुंचे ग्राम रूमगा निवासी युवक पर एक हाथी ने हमला कर दिया और उन्हें पैरों तले कुचल दिया। हादसे में गंभीर रूप से घायल केमला प्रसाद की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर बाद रूमगा-मटियाढांड के जंगलों में हुई। इन दिनों मरवाही वनमंडल क्षेत्र में 53 हाथियों का दल विचरण कर रहा है। हाथियों की मौजूदगी की जानकारी मिलने पर आसपास के ग्रामीण उन्हें देखने जंगल की ओर पहुंच रहे हैं। इसी दौरान 36 वर्षीय केमला प्रसाद हाथियों के काफी नजदीक चले गए। तभी दल के एक हाथी ने अचानक उन पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर मौजूद वन विभाग के कर्मचारियों ने घायल ग्रामीण को तत्काल मरवाही के उपस्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल गौरेला रेफर कर दिया। हालांकि, अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उनकी मौत हो गई।

ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे हाथियों के विचरण वाले जंगलों में जाने से बचें, वनकर्मियों के निर्देशों का पालन करें और हाथियों को सुरक्षित दूरी से भी परेशान करने की कोशिश न करें। वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि जंगली हाथियों के व्यवहार का अनुमान लगाना मुश्किल होता है, इसलिए उनकी मौजूदगी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता बरतना जरूरी है।

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल