नारायणपुर कलेक्टर से खेल मैदान अतिक्रमण मुक्त करने ग्रामीणों ने जनदर्शन में की शिकायत
नारायणपुर, 15 अक्टूबर (हि.स.)। नारायणपुर जिले की ग्राम पंचायत दंडवन के आश्रित ग्राम बागझर में खेल मैदान पर अतिक्रमण के खिलाफ ग्रामीणों ने गुरुवार काे अतिक्रमण की शिकायत कलेक्टर से की है। मैदान की जमीन पर मकान बनाए जाने से गांव के युवाओं को खेल अभ्यास के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही है। इससे नाराज ग्रामीण सरपंच और उपसरपंच के साथ जिला मुख्यालय कलेक्टोरेट जनदर्शन में पहुंचे और ज्ञापन सौंपा।
गांव के खेल मैदान पर अतिक्रमण होने के कारण युवाओं को खेल गतिविधियों के संचालन और नियमित अभ्यास में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव में खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए मैदान की आवश्यकता है, लेकिन उपलब्ध जमीन पर कथित कब्जे के चलते युवाओं को पर्याप्त स्थान नहीं मिल पा रहा है। स्थिति यह है कि गांव के युवा खेल अभ्यास के लिए किसी अन्य ग्रामीण की निजी भूमि का सहारा लेने को मजबूर हैं।
ग्राम बागझर के ग्रामीण कुश बघेल ने बताया कि गांव में रहने वाले एक ही परिवार के कुछ सदस्यों ने अनाधिकृत रूप से खेल मैदान की जमीन पर कब्जा कर मकान बना लिए हैं। इस समस्या को लेकर पहले भी संबंधित लोगों को मैदान खाली करने के लिए कहा गया था। तहसील स्तर, ग्राम पंचायत और ग्राम सभा में भी इस संबंध में निर्देश दिए गए थे, उस समय अतिक्रमण करने वाले लोगों की ओर से जमीन खाली करने पर सहमति जताई गई थी, लेकिन कई साल बीत जाने के बाद भी मैदान से अतिक्रमण नहीं हटाया गया है।
दंडवन पंचायत के उप सरपंच मनेल सलाम ने कहा कि स्थानीय स्तर पर कई बार समस्या उठाए जाने के बावजूद समाधान नहीं होने से उन्हें जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ा है। यदि समय रहते मैदान को अतिक्रमण से मुक्त कराकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं, तो गांव के युवाओं को नियमित अभ्यास का अवसर मिलेगा। इससे स्थानीय स्तर पर खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे लाने में मदद मिल सकती है।
ग्राम बागझर के खेल मैदान से अतिक्रमण हटाने की मांग अब जिला प्रशासन तक पहुंच गई है। ग्रामीणों ने कलेक्टर नम्रता जैन से मामले में हस्तक्षेप कर मैदान को अतिक्रमण मुक्त कराने और युवाओं के लिए व्यवस्थित खेल मैदान उपलब्ध कराने की मांग की है। कलेक्टर की ओर से उचित कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद अब ग्रामीणों को प्रशासनिक पहल का इंतजार है।
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

