पाइकभाठा के ग्रामीणों ने कहा- हमें क्रेसर गिट्टी की रायल्टी चाहिए
सरपंच के साथ ग्रामीण पहुंचे कलेक्टोरेट, पंचायत को राशि दिलाने की मांग
धमतरी, 05 अक्टूबर (हि.स.)। नगरी अंचल के ग्राम पाइकभाठा के ग्रामीणों ने गांव की सरकारी जमीन से होने वाले गौण खनिज उत्खनन की रायल्टी पंचायत को दिलाने की मांग की है। ग्रामीण मांग को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट पहुंचे।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव में वर्षों से गिट्टी खदान और क्रेसर मशीनों का संचालन हो रहा है, लेकिन पंचायत को वर्ष 2022-23 से गौण खनिज की रायल्टी राशि नहीं मिली है। इसे लेकर पाइकभाठा सरपंच संध्या बाई कुंजाम के नेतृत्व में ग्रामीण कलेक्टोरेट पहुंचे और अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर बकाया रायल्टी राशि दिलाने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि ग्राम पंचायत पाइकभाठा की सरकारी जमीन से गौण खनिज का उत्खनन किया गया है।
नियमानुसार इसके एवज में मिलने वाली रायल्टी राशि पंचायत के विकास कार्यों में उपयोगी हो सकती है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों से पंचायत को यह राशि प्राप्त नहीं हुई है। ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मामले की जांच कर अब तक की रायल्टी राशि की जानकारी उपलब्ध कराने और पंचायत को उसका भुगतान कराने की मांग की। ग्रामीणों ने कहा कि गांव में खनिज संसाधनों का उपयोग होने के बावजूद पंचायत को उसका निर्धारित लाभ नहीं मिलना चिंता का विषय है। रायल्टी की राशि मिलने से गांव में सड़क, नाली, पेयजल और अन्य जरूरी विकास कार्यों को गति मिल सकती है। इस दौरान मनोज मरकाम, डोमार, कुलदीप, परमानंद कुंजाम, शिवकुमार, मुकेश बघेल, हनीफ अली, रूपेश नेताम, शिवनाथ निषाद, मनक नेताम, राजेन्द्र कुमार, धनेश कश्यप, सुरेन्द्र ध्रुव सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

