home page

विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग का आयोजन, माय भारत पोर्टल पर पंजीयन करवाएं

 | 
विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग का आयोजन, माय भारत पोर्टल पर पंजीयन करवाएं


जगदलपुर, 07 सितंबर (हि.स.)। देश के समग्र विकास और भविष्य की नीति-निर्माण प्रक्रिया में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राष्ट्रीयस्तर पर विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग का आयोजन किया जा रहा है। बस्तर जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभाशाली युवाओं के पास अपने विचार, नेतृत्व क्षमता और नवाचार को देश के सबसे बड़े मंच पर प्रदर्शित करने का यह एक ऐतिहासिक अवसर बनकर सामने आया है। यह पहल केवल एक सामान्य प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र के युवाओं को राष्ट्र के भविष्य की दिशा तय करने और नीतिगत विमर्श में सीधे तौर पर अपनी आवाज दर्ज कराने का मजबूत माध्यम प्रदान करती है।

इस महत्वपूर्ण पहल के तहत चयन प्रक्रिया को कुल पांच सुनियोजित चरणों में पूरा किया जाएगा। पहले चरण में प्रतिभागियों को माय भारत पोर्टल पर आयोजित होने वाले ऑनलाइन 'विकसित भारत क्विज' में हिस्सा लेना होगा। क्विज में सफलता हासिल करने वाले युवा अगले चरण में समसामयिक एवं विकासात्मक विषयों पर 500 शब्दों का एक विचारोत्तेजक निबंध प्रस्तुत करेंगे। निबंध के मूल्यांकन के उपरांत चयनित प्रतिभागियों को जिलास्तर पर पावरपॉइंट के माध्यम से अपनी कार्ययोजना और विचारों की प्रस्तुति का अवसर मिलेगा। जिलास्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन दर्ज करने वाले होनहार युवा पहले राज्यस्तर और फिर राष्ट्रीयस्तर पर आयोजित मुख्य विकसित भारत यूथ लीडर्स डायलॉग मंच पर बस्तर का प्रतिनिधित्व करेंगे।

प्रक्रिया में भाग लेना बेहद सुलभ बनाया गया है। 15 से 29 वर्ष के सभी पात्र युवा आधिकारिक वेबसाइट mybharat.gov.in पर जाकर अथवा संबंधित क्यूआर कोड को स्कैन करके सीधे माय भारत पोर्टल पर अपना पंजीकरण करा सकते हैं और तत्काल क्विज में शामिल हो सकते हैं। प्रशासन ने बस्तर की युवा शक्ति से आह्वान किया है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस अभियान से जुड़ें और अपनी प्रतिभा के बल पर विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदार बनें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे